उधमपुर एयरपोर्ट टर्मिनल निर्माण की टेंडर प्रक्रिया तेज, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी अपडेट


उधमपुर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर एयरपोर्ट को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपडेट देते हुए बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए टेंडर पहले ही जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, आगामी 10 जुलाई को तकनीकी निविदा खोली जाएगी, जबकि 22 जुलाई को वित्तीय निविदा खोले जाने की संभावना है। इसके बाद, अगस्त 2026 के दूसरे सप्ताह में टर्मिनल निर्माण का कार्यादेश जारी करने की योजना है।

उधमपुर एयरपोर्ट को दो चरणों में विकसित किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द आम लोगों के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जा सकें।

पहले चरण में शुरुआत में मौजूदा उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन के भीतर बनाए गए एक अस्थायी टर्मिनल से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले 6 से 7 महीनों के भीतर यहां से नागरिक उड़ानें शुरू हो जाएंगी।

दूसरे चरण में एयरपोर्ट के स्थायी और बड़े विस्तार के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार से करीब 28 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। इस जमीन के मिलने के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) एक आधुनिक और स्थायी टर्मिनल का निर्माण करेगा, जहां भविष्य में बड़े विमानों का संचालन भी संभव होगा। इस विस्तार योजना को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उधमपुर एयरपोर्ट के नागरिक संचालन की घोषणा पहले ही आधिकारिक तौर पर की जा चुकी है। अब टर्मिनल निर्माण की प्रक्रिया तेज होने के साथ ही यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। माना जा रहा है कि इससे उधमपुर और आसपास के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस


Related Articles

Latest News