'बेबी डू डाई डू' की स्टारकास्ट ने खोले कई राज, हुमा कुरैशी ने किरदार से जुड़ी दिलचस्प जानकारी की साझा


मुंबई, 4 जुलाई (आईएएनएस)। नचिकेत सामंत द्वारा निर्देशित हिंदी क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इसी को लेकर मूवी की लीड कास्ट एक्ट्रेस हुमा कुरैशी, रचित सिंह और मरूधर शेखावत ने शनिवार को आईएएनएस से बात की और कई दिलचस्प बातें बताईं। उन्होंने फिल्म की कहानी, अपने किरदारों और स्क्रीन पर उन किरदारों को जीवंत करने के लिए की गई खास तैयारियों पर चर्चा की।

अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने बताया कि मैंने फिल्म की स्क्रिप्ट चार वर्ष पहले ही पढ़ी थी और इसके लिए हामी भर दी थी। फिल्म में जो लड़की का किरदार है, वह दोहरी जिंदगी जीती है। सच्चाई में वह एक हिटवुमन है। उसकी बंदूक एक लाल छाते में छिपी रहती है। फिल्म में जो लड़की का किरदार है, वह न बोल पाती है और न सुन पाती है। कैरेक्टर की ये सारी चीजें मुझे बहुत अलग लगी थीं। ऐसा कोई कैरेक्टर हमने आज तक भारतीय फिल्मों में नहीं देखा है।

अभिनेत्री ने बताया कि मेरा कैरेक्टर जो इसमें है, उसका नाम है बेबी करमरकर। करमरकर एक बहुत पॉपुलर महाराष्ट्रीयन सरनेम है। फिल्म के डायरेक्टर महाराष्ट्रीयन हैं। यह उन्हीं का आइडिया था। डायलॉग कहीं न कहीं मेरी ताकत है। इस बार डायरेक्टर ने कहा कि आपकी जो सबसे मजबूत शक्ति है, हम वो आपसे छीन लेते हैं। हालांकि, इसके लिए मुझे बहुत अलग-अलग चीजें एक्सप्लोर करने को मिली, जैसे की बॉडी लैंग्वेज, आंखों में इंटेंसिटी, साइन लैंग्वेज, आदि। मेरे लिए यह एक चुनौती थी, लेकिन मैंने वास्तव में बहुत आनंद लिया।

रचित सिंह ने मूवी में अपने किरदार के बारे में बताया कि सिद्धू का जो कैरेक्टर है, वह मूवी में इकलौता ऐसा किरदार है, जो अच्छा इंसान है। सिद्धू एक ईमानदार व्यक्ति है, जिसका डार्क दुनिया से कोई लेना-देना नहीं है। सिद्धू अपनी ही दुनिया में रहता है, अपनी ही धुन में रहता है। वह बस लोगों में अच्छाई देखता है और अपने आसपास के छात्रों और लोगों की मदद करना चाहता है। ‘बेबी डू डाई डू’ में सिद्धू सबसे पवित्र आत्मा वाला इंसान है।

मरूधर शेखावत ने फिल्म में अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि मेरा जो किरदार है, वह लोगों और बच्चों से बहुत ज्यादा प्रभावित होता है। यह किरदार मुख्य रूप से बच्चे के आसपास घूमता रहता है। उन्होंने बताया कि मूवी में चंकी पांडे एक मेंटर का रोल प्ले कर रहे हैं, तो उनका फिल्म के एक किरदार मन्नू के ऊपर बहुत ज्यादा प्रभाव और मैनिपुलेशन है। मन्नू उनको बहुत सुनता है और उनकी बात काटता भी नहीं है। उन्होंने बताया कि मूवी में मन्नू एक ऐसा कैरेक्टर है, जिसका बहुत स्ट्रगल अपने पापा के साथ उसके और अपने कैरेक्टर के साथ है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम


Related Articles

Latest News