एनबीटी उत्सव में बोले राजनाथ सिंह, पीएम मोदी के चौथे कार्यकाल में विकसित भारत का उदय देखेगी दुनिया


नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नवभारत टाइम्स (एनबीटी) के 79 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ‘एनबीटी उत्सव’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चौथे कार्यकाल का जिक्र किया। हालांकि, वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा कार्यकाल चल रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए रक्षा मंत्री ने 9 हस्तियों को ‘एनबीटी नवरत्न’ और एक हस्ती को ‘एनबीटी भूषण’ सम्मान प्रदान किया। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 लोगों को ‘एनबीटी प्रेरणादीप’ सम्मान से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ को कानून एवं न्याय के क्षेत्र में योगदान के लिए, एनसीआरटीसी को इंफ्रास्ट्रक्चर, मेदांता ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. नरेश त्रेहन को स्वास्थ्य सेवा, अक्षय पात्र फाउंडेशन को सामाजिक सेवा, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को खेल, जेके पेपर लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हर्षपति सिंघानिया को व्यवसाय, जेप्टो के सह-संस्थापक कैवल्य वोहरा को इनोवेशन, द वायरल फीवर (टीवीएफ) के संस्थापक अरुणाभ कुमार को मनोरंजन तथा अभिनेत्री हुमा कुरैशी को अभिनय के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘एनबीटी नवरत्न’ सम्मान दिया गया।

प्रसार भारती के चेयरपर्सन व प्रसिद्ध गीतकार, लेखक और विज्ञापन जगत की जानी-मानी हस्ती प्रसून जोशी को पहला ‘एनबीटी भूषण’ सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदान किया।

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले कार्यकाल में अभावों को दूर करने और अवसरों का विस्तार करने के साथ कार्य संस्कृति में बदलाव लाया गया। दूसरे कार्यकाल में आकांक्षाओं को उपलब्धियों में बदला गया और देश को आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि तीसरे कार्यकाल में विकसित भारत की इमारत तेजी से बन रही है और प्रधानमंत्री मोदी के चौथे कार्यकाल में दुनिया विकसित भारत का उदय होते हुए देखेगी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद ‘मेड इन इंडिया’ रक्षा प्लेटफॉर्म पर भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 में ‘मेक इन इंडिया’ की शुरुआत के समय विपक्ष ने इसकी आलोचना की थी, लेकिन अब इसकी सफलता सभी के सामने है।

उन्होंने बताया कि देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि 8-9 वर्ष पहले यह लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था। वहीं रक्षा निर्यात भी बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है, जो वर्ष 2013-14 में केवल 686 करोड़ रुपये था।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकारों के प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने क्षेत्र में समाज और देश के लिए योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक के पास देश और समाज के लिए काम करने का अवसर है और उसे इसका सदुपयोग करना चाहिए।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News