फीफा विश्व कप: नेमार पूरे 90 मिनट खेलने को तैयार, ब्राजील के कोच का एंसेलोटी का बयान


नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के हेड कोच कार्लो एंसेलोटी ने कहा है कि स्टार फॉरवर्ड नेमार पूरी तरह फिट हैं और फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे के खिलाफ चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। एंसेलोटी ने कहा कि अगर टीम को जरूरत पड़ी तो नेमार पूरे 90 मिनट तक मैदान पर खेलने में सक्षम हैं।

काफ इंजरी से उबरने के बाद नेमार ने अब तक टूर्नामेंट में सीमित भूमिका निभाई है। ग्रुप चरण के दौरान, उन्होंने केवल एक मुकाबले में बतौर सब्स्टीट्यूट हिस्सा लिया था। हालांकि, ब्राजील के कोच का मानना है कि अनुभवी फॉरवर्ड अब पूरी तरह मैच फिट हैं और नॉकआउट चरण में टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

एंसेलोटी ने एक साक्षात्कार में कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नेमार खेलने के लिए उपलब्ध हैं। वह कितना समय खेलेंगे, यह मैच की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। उनके पास अपने खेल और मैच की गति को संभालने का पर्याप्त अनुभव है। जब मुझे लगेगा कि टीम को उनकी जरूरत है, तब मैं उन्हें मैदान पर उतारूंगा।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या नेमार पूरे 90 मिनट खेल सकते हैं, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया, “हां, वह 90 मिनट खेलने के लिए तैयार हैं।”

इटली के दिग्गज कोच ने नेमार के पेशेवर रवैये की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नेमार ट्रेनिंग में शानदार मेहनत कर रहे हैं और ड्रेसिंग रूम में भी उनकी अहम भूमिका है। टीम के साथी उन्हें बेहद पसंद करते हैं और उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा, “नेमार बेहद सम्मानजनक और विनम्र खिलाड़ी हैं। वह लगातार अच्छी ट्रेनिंग कर रहे हैं और स्वाभाविक रूप से अधिक खेलने की इच्छा रखते हैं। कोई भी बड़ा खिलाड़ी बेंच पर बैठकर खुश नहीं रह सकता, और यही भावना उनके भीतर भी दिखाई देती है।”

ब्राज़ील के सर्वकालिक सबसे सफल गोल स्कोरर नेमार ने 129 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 79 गोल किए हैं। अक्टूबर 2023 में एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) की गंभीर चोट के बाद उनकी वापसी आसान नहीं रही, लेकिन अब वह फिर से टीम के लिए उपलब्ध हैं।

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में सोमवार को ब्राजील का मुकाबला नॉर्वे से होना है। ब्राजील इस मैच में अपने स्टार नेमार से करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News