मुंबई, 4 जुलाई (केसरिया न्यूज़)। देश के सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में डिपॉजिट और एडवांस (लोन) दोनों में मजबूत दोहरे अंक की वृद्धि दर्ज की है। 30 जून को समाप्त तिमाही के लिए जारी बिजनेस अपडेट के अनुसार बैंक की जमा राशि और कर्ज वितरण में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक, जून 2026 के अंत तक बैंक का कुल डिपॉजिट 14.7 प्रतिशत बढ़कर 31.70 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जिसमें टर्म डिपॉजिट सालाना आधार पर 17 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 21.45 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि करंट अकाउंट और सेविंग अकाउंट (सीएएसए) डिपॉजिट साल-दर-साल लगभग 9 प्रतिशत बढ़कर 10.25 लाख करोड़ रुपए रहा।
बैंक के कर्ज वितरण में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। ग्रॉस एडवांस (कुल लोन) एक साल पहले की तुलना में 15.4 प्रतिशत बढ़कर 30.61 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
वहीं, बैंक का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) जून तिमाही के अंत तक 31.27 लाख करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12.4 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि, यह बिजनेस अपडेट ऐसे समय आया है जब बैंक कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा है। इस वर्ष की शुरुआत में बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती ने यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया था कि बैंक में कुछ ऐसी कार्यप्रणालियां अपनाई जा रही थीं जो उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिक सिद्धांतों के अनुरूप नहीं थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में हुई बैंक की गवर्नेंस, नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी (एनआरसी) की बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की दोबारा नियुक्ति पर भी विचार नहीं किया गया।
जून में चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे से जुड़ी कानूनी समीक्षा पर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि समीक्षा में मुख्य रूप से अनुपालन संबंधी मुद्दों पर ध्यान दिया गया, जबकि उन्होंने जिन व्यापक व्यावसायिक प्रक्रियाओं पर चिंता जताई थी, उन्हें पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
मार्च में उनके इस्तीफे के बाद केकी मिस्त्री को अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन बनाया गया था ताकि स्थायी नियुक्ति होने तक बैंक का कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे।
हाल ही में केंद्र सरकार के पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को तीन वर्ष की अवधि के लिए एचडीएफसी बैंक का नया पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
शेयर बाजार में शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक का शेयर 1.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,001.50 रुपए पर बंद हुआ। पिछले छह महीनों में शेयर में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट रही है, जबकि बीते एक वर्ष में इसमें लगभग 22 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।
–केसरिया न्यूज़
