हैदराबाद, 1 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा की नेता और सामाजिक कार्यकर्ता माधवी लता ने 12वीं तेलंगाना राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।
हैदराबाद के गाचीबौली स्थित सैट्स शूटिंग रेंज में आयोजित 25 मीटर पिस्टल (मास्टर्स महिला) प्रतियोगिता में माधवी लता ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 300 में से 245 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
निशानेबाजी में आने की प्रेरणा के बारे में बताते हुए माधवी लता ने अपने एनसीसी कैडेट दिनों को याद किया।
उन्होंने कहा, “बचपन में गणतंत्र दिवस प्रशिक्षण के दौरान हमें राइफल शूटिंग का अभ्यास कराया जाता था। तभी मुझे इस खेल के प्रति रुचि पैदा हुई।”
माधवी लता वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में हैदराबाद सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि शूटिंग रेंज में उनकी वापसी इस सोच से प्रेरित है कि जनप्रतिनिधियों को समाज के लिए उदाहरण बनना चाहिए।
उन्होंने कहा, “एक राजनेता को साहसी और खेलों से जुड़ा होना चाहिए ताकि वह लोगों के लिए प्रेरणा बन सके। मैंने खुद से पूछा कि उम्र क्यों बाधा बने? अगर आपका मन तैयार है तो आप कुछ भी हासिल कर सकते हैं।”
माधवी लता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच प्रसन्ना को भी दिया।
उन्होंने बताया कि दाहिने कंधे में चोट होने के बावजूद वह आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटी हुई हैं। अगले दो महीनों में होने वाली प्री-नेशनल चैंपियनशिप के लिए वह विशेष अभ्यास कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “कंधे की चोट के बावजूद मैं इस समय जिम में प्री-नेशनल की तैयारी कर रही हूं। मैं यह दिखाना चाहती हूं कि दृढ़ संकल्प किसी भी बाधा को पार कर सकता है।”
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में माधवी लता ने कहा कि यह स्वर्ण पदक केवल उनकी उपलब्धि नहीं है।
उन्होंने लिखा, “यह उन सभी लोगों का है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया, मेरा हौसला बढ़ाया, मेरे लिए प्रार्थना की और मेरी यात्रा के हर कदम का जश्न मनाया। अपने सपनों का पीछा करने वाली हर महिला से मैं कहना चाहती हूं कि किसी को भी आपकी सीमाएं तय न करने दें। खुद पर भरोसा रखें, मेहनत करें और हमेशा ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें।”
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
