रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 12527/12528 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस को साप्ताहिक से नियमित (दैनिक) कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन अब प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
28 जून से छपरा से रोजाना होगी रवाना
रेलवे के अनुसार, 28 जून से ट्रेन संख्या 12527 प्रतिदिन रात 8:50 बजे छपरा जंक्शन से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी और दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी।
29 जून से आनंद विहार से भी प्रतिदिन चलेगी ट्रेन
वापसी दिशा में 29 जून से ट्रेन संख्या 12528 आनंद विहार टर्मिनस से प्रतिदिन शाम 4:25 बजे रवाना होगी। यह रात 11:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 8:25 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी।
जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा
इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन के दैनिक संचालन से नियमित यात्रियों के साथ-साथ नौकरीपेशा, छात्रों और अन्य यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
