UP: पीलीभीत में जल्द शुरू होगी लेपर्ड सफारी, लखनऊ में बनेगा स्नेक वेनम सेंटर

उत्तर प्रदेश में वन्यजीव पर्यटन को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में जल्द लेपर्ड सफारी विकसित की जाएगी, जबकि राजधानी लखनऊ में स्नेक वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जाएगा। गुरुवार को बापू भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने इन दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दुधवा नेशनल पार्क, इटावा लायन सफारी, कानपुर प्राणी उद्यान और नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान, लखनऊ की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पीलीभीत क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लेपर्ड सफारी की योजना तैयार की गई है। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार हो चुका है और अब इसे जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।

सर्पदंश उपचार और शोध को मिलेगी नई दिशा

बैठक में लखनऊ में प्रस्तावित स्नेक वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परियोजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाए। इस केंद्र के शुरू होने के बाद सर्पदंश के उपचार, विष अनुसंधान और एंटी-वेनम से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में हर वर्ष बड़ी संख्या में सर्पदंश के मामले सामने आते हैं, ऐसे में यह केंद्र स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Latest News