अमेजन के 48 अरब डॉलर के निवेश का पीएम मोदी ने स्वागत किया, कहा-इससे भारत के युवाओं के लिए पैदा होंगे अवसर

नई दिल्ली, 25 जून (केसरिया न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत में अमेजन के 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत किया और कहा कि इससे देश युवाओं के लिए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, यह पूरी दुनिया की भारत में निवेश करने को लेकर रुचि को दिखाता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अमेजन के सीईओ और प्रेसिडेंट एंडी जेसी की पोस्ट को कोट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “एंडी जेसी के साथ बैठक शानदार रही। मैं भारत में अमेजन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं। इससे हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, यह भारत में निवेश करने के लिए दुनिया भर में बढ़ती दिलचस्पी को भी दिखाता है।”

जेसी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र के साथ अमेजन के भारत में भविष्य की योजनाओं को लेकर हुई मुलाकात बेहद अच्छी रही। हम एक दशक से अधिक समय से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और उद्योगों को सेवाएं दे रहे हैं और अभी हमारी यात्रा की शुरुआत ही हुई है।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने उनसे आगामी योजना पर बात की। बताया कि अमेजन आने वाले पांच वर्षों में भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश कर रहा है, जिसमें 21 अरब डॉलर से अधिक निवेश एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में किया जाएगा।”

जेसी के मुताबिक, “2030 तक हमारी योजना 38 लाख नौकरियां उपलब्ध कराने, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाने और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों तथा 40 लाख सरकारी स्कूल छात्रों तक एआई के लाभ पहुंचाने की है। आने वाले समय को लेकर उत्साहित हूं। भारत में हम जो कुछ बना सकते हैं, उसके लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है।”

अमेजन की आधिकारिक साइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस नए निवेश के साथ 2026 से 2030 के बीच भारत में एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह भारत में एआई और क्लाउड क्षेत्र में सबसे बड़े वैश्विक निवेशों में से एक होगा।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News