अलीगंज अग्निकांड के बाद जागा प्रशासन, आकाश समेत कई कोचिंग पर छापा, ग्रैविटी कोचिंग सील

अलीगंज कांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री योगी के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, होटलों, लाइब्रेरी और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा जांच का व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और भवन मानकों की जांच के लिए प्रशासन ने ने बुधवार को फिर से एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान दमकल विभाग, एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने कई प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

खामियां मिलने पर प्रशासन ने ग्रैविटी कोचिंग को किया सील

जांच के दौरान ग्रैविटी कोचिंग में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने संस्थान को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, कोचिंग में फायर फाइटिंग सिस्टम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अलावा भवन का नक्शा भी मानकों के विपरीत पास कराया गया था।

आकाश कोचिंग को नोटिस जारी

वहीं, आकाश कोचिंग में भी कुछ कमियां पाए जाने पर प्रशासन ने संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य प्रमुख कोचिंग संस्थानों की भी जांच की जाएगी। इसी क्रम में जल्द ही चैतन्य कोचिंग का भी निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Latest News