बेटे का लिवर खराब, 20 लाख इलाज का खर्च, मदद की गुहार लेकर सीएम सुवेंदु अधिकारी के जनता दरबार पहुंचा पिता


कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बुधवार को कोलकाता में भाजपा हेडक्वार्टर में आयोजित ‘जनता दरबार’ में जनता की शिकायतें सुनीं। अपनी फरियाद को लेकर पहुंचे फरियादियों ने इस मौके पर आईएएनएस से बातचीत की।

सुवेंदु अधिकारी के ‘जनता दरबार’ में आए एक सुभजीत रॉय ने कहा, “मेरे बच्चे को जन्म से ही लिवर की बीमारी है और अब उसकी हालत बहुत गंभीर हो गई है। बेटे का अब लिवर पूरी तरह खराब हो गया है। मैंने पीजी हॉस्पिटल और एम्स दिल्ली समेत कई सरकारी अस्पतालों में उसका इलाज कराया है। इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलरी साइंसेज (आईएलबीएस) डॉक्टरों ने 30 दिनों के अंदर लिवर ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी है। लगभग 15 दिन बीत चुके हैं और मैं पैसों का इंतजाम नहीं कर पाया हूं।

मजबूर पिता ने कहा, “इलाज का खर्च लगभग 18–20 लाख या उससे ज़्यादा है। मैंने अपनी सारी बचत खर्च कर दी है, अपना सामान बेच दिया है और कर्ज भी लिया है, लेकिन अब मेरे पास कुछ नहीं बचा है। बस 10–15 दिन ही बचे हैं। मैं यहां अपने बच्चे के लिवर ट्रांसप्लांट के लिए मुख्यमंत्री से मदद मांगने आया हूं।”

जनता दरबार में पहुंचे सायंतन जाना ने कहा, “2018 में मैंने एक स्थानीय निवासी को अपना घर किराए पर दिया था। किराएदार टीएमसी नेता देवजीत पांडेय है, जो पिछले 4 साल से न किराया दे रहा है और न ही घर खाली कर रहा है। कई बार थाने में शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बिहाला थाने में 2023 में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। थाने की पुलिस कहती है कि कोर्ट में जाइए, वहां सुनवाई होगी। अगर कोर्ट आदेश देगी तभी हम (पुलिस) घर खाली करवा पाएंगे। आज मैं अपना घर खाली करवाने के लिए सीएम से मदद मांगने आया हूं।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी राज्य के नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उनकी शिकायतें सुनने के लिए नियमित रूप से ‘जनता दरबार’ का आयोजन कर रहे हैं। इस दौरान जनता की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश देते हैं।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम


Related Articles

Latest News