एग्स फ्रीज कराने के फैसले पर खुलकर बोलीं आकांक्षा रंजन, कहा- 'मम्मी-पापा को मनाने की जरूरत ही नहीं पड़ी'


मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री आकांक्षा रंजन इन दिनों अपने एक निजी फैसले को लेकर चर्चा में हैं। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने एग्स फ्रीज कराने के अपने फैसले पर खुलकर बात की। अभिनेत्री ने बताया कि जब उन्होंने यह फैसला लिया, तब उनके माता-पिता की क्या प्रतिक्रिया थी।

आईएएनएस से बात करते हुए आकांक्षा रंजन ने कहा, ”मुझे अपने माता-पिता को इस फैसले के लिए मनाने की जरूरत ही नहीं पड़ी। अब मैं ऐसी उम्र में हूं, जहां मेरे माता-पिता को मुझ पर पूरा भरोसा है। वह जानते हैं कि मैं कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लेतीं। पहले मैं हर बात को अच्छी से समझती हूं और फिर फैसला करती हूं। यही वजह है कि मेरे परिवार ने मेरे फैसले पर कभी सवाल नहीं किए, बल्कि साथ दिया।”

आकांक्षा ने बताया, ”मेरे पिता को शुरुआत में इस पूरी प्रक्रिया के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। वह ऐसे समय और माहौल में बड़े हुए हैं, जहां इस तरह के विषयों पर ज्यादा चर्चा नहीं होती थी। इसलिए मुझे पहले यह समझना पड़ा कि एग्स फ्रीज कराना क्या होता है और इसकी जरूरत क्यों पड़ती है। उन्होंने मेरी बातों को ध्यान से सुना और समझने की कोशिश की।”

अभिनेत्री ने बताया, ”मेरे पिता ने कभी मेरे फैसले का विरोध नहीं किया। उन्हें बस इस बारे में जानकारी चाहिए थी। जब मैंने उन्हें विस्तार से समझाया कि मैं ऐसा क्यों करना चाहती हूं और इसके पीछे क्या वजह है, तो उन्होंने मेरे समर्थन किया। वहीं, मां की चिंता कुछ और थी।”

आकांक्षा ने कहा, ”मां को मेरी सेहत की चिंता थी, क्योंकि इस प्रक्रिया में मेडिकल इलाज और कुछ जरूरी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। ऐसे में मां होने के नाते उन्हें अपनी बेटी की सेहत को लेकर फ्रिक थीं, लेकिन जब मैंने उन्हें समझाया कि मैं भविष्य को ध्यान में रखकर यह फैसला ले रही हैं, तो वह मेरी बात को समझ गईं। मां का समर्थन मेरे लिए बेहद खास है।”

उन्होंने आगे कहा, ”जब परिवार आपके साथ खड़ा हो, तो बड़े से बड़ा फैसला लेना आसान हो जाता है। मेरे माता-पिता ने कभी मुझ पर अपनी सोच नहीं थोपी। हमेशा मेरी बात सुनी और मुझ पर भरोसा किया। मुझे इस फैसले को लेकर किसी तरह का दबाव महसूस नहीं हुआ।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो आकांक्षा रंजन जल्द ही अपनी चर्चित सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन में नजर आने वाली हैं।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News