मुंबई, 23 जून (केसरिया न्यूज़)। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मंगलवार को सपाट हुई। सेंसेक्स 8.02 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,086.05 और निफ्टी 31.60 अंक की गिरावट के साथ 24,071.30 पर खुला।
शुरुआती सत्र में मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 13 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 62,715 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 12 अंक की मामूली तेजी के साथ 18,915 पर था।
सूचकांकों में निफ्टी मीडिया, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी पीएसई और निफ्टी इन्फ्रा हरे निशान में थे।
दूसरी तरफ निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग लाल निशान में थे।
सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, इटरनल, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, इंडिगो, एक्सिस बैंक, बीईएल और भारती एयरटेल गेनर्स थे। वहीं, इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, एचयूएल, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक,मारुति सुजुकी, आईटीसी, एमएंडएम और बजाज फाइनेंस लूजर्स थे।
ज्यादातर एशियाई बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता लाल निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को मिलेजुले बंद हुए, जिसमें डाओ जोन्स 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ और नैस्डैक 1.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों में गिरावट की वजह एआई थीम से जुड़े शेयरों में गिरावट आना और इजरायल की ओर से लेबनान पर हमले करना है। हालांकि, स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ चल रही बातचीत पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता में प्रगति हुई है।
कच्चे तेल में गिरावट देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73.66 डॉलर प्रति औंस और ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77.25 डॉलर प्रति औंस पर था।
–केसरिया न्यूज़
