नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स एनएसए बैठक में ईरान और चीन के बीच रणनीतिक रिश्तों को लेकर अहम बातचीत हुई। दोनों देशों ने क्षेत्रीय हालात, सुरक्षा और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया, ”ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. गदीर नेजामी ने नई दिल्ली में हुई ब्रिक्स बैठक के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात, दोनों देशों के बीच सहयोग और शांति समझौते को लागू करने पर चर्चा की।”
दूतावास के अनुसार, डॉ. गदीर नेजामी ने चीन के राजनीतिक समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि तेहरान और बीजिंग के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है।
दूतावास की जानकारी के अनुसार, चीन के विदेश मंत्री ने ईरान की सुरक्षा और उसकी क्षेत्रीय अखंडता के लिए चीन के समर्थन को दोहराया। उन्होंने ईरान के क्षेत्रीय देशों के साथ बेहतर होते संबंधों का स्वागत किया और कहा कि बीजिंग क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ाने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में मदद करने को तैयार है।
दूतावास ने बताया कि दोनों पक्षों ने इस बात पर जोर दिया कि आपसी बातचीत जारी रखना और दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाना जरूरी है।
ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा प्रतिनिधि गदीर नेजामी ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक में भाग लेने के लिए सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे।
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी, रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु और ईरान के सुरक्षा प्रतिनिधि नेजामी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
यह मीटिंग इसलिए जरूरी है क्योंकि भारत ब्रिक्स में ग्लोबल गवर्नेंस, सुरक्षा सहयोग और तकनीकी चुनौतियों पर बातचीत को आगे बढ़ा रहा है। ग्रुप ने आर्थिक मुद्दों से आगे बढ़कर सदस्य देशों पर असर डालने वाली रणनीति और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को भी शामिल करने पर अपना ध्यान तेजी से बढ़ाया है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
