नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल (एसजीएमएच), दिल्ली ने अपने विभिन्न विभागों में रेजिडेंट डॉक्टरों के कुल 58 खाली पदों को एड-हॉक (अस्थायी) आधार पर भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से तय प्रारूप में आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्ति 89 दिनों की अवधि के लिए या नियमित उम्मीदवार के कार्यभार संभालने तक (जो भी पहले हो) के लिए होगी।
एसजीएमएच-दिल्ली की ओर से जिन विभागों में रेजिडेंट डॉक्टरों के कुल 58 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें मेडिसिन से 10, ऑर्थोपेडिक्स से 3, सर्जरी से 4, पीडियाट्रिक्स से 8, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी से 2, एनेस्थीसिया से 7, रेडियोलॉजी से 8, फोरेंसिक मेडिसिन से 1, ईएनटी (कान, नाक, गला) से 6, आंख से 3, माइक्रोबायोलॉजी से 1 और पैथोलॉजी से 5 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से संबंधित स्पेशियलिटी में रेजिडेंसी स्कीम के तहत एमबीबीएस के साथ पीजी डिग्री/डिप्लोमा/डीएनबी होना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवारों के पास एमबीबीएस और जरूरी पोस्ट ग्रेजुएट क्वालिफिकेशन के साथ दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए या फिर कैंडिडेट ने डीएमसी रजिस्ट्रेशन के लिए अप्लाई किया हो और वॉक-इन-इंटरव्यू के समय अप्लाई करने का सबूत उसके पास हो।
वहीं, आवेदक ने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में रेगुलर या एड-हॉक आधार पर 3 वर्ष की सीनियर रेजिडेंसी पूरी न की हो। आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन-इंटरव्यू 2 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो योग्य उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए साक्षात्कार में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच एसजीएम हॉस्पिटल के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में चौथी मंजिल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स (फोटोकॉपी और ओरिजिनल) के साथ रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को एंट्री नहीं दी जाएगी। वहीं, अधूरे एप्लीकेशन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसजीएम हॉस्पिटल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।
–आईएएनएस
डीके/वीसी
