तमिलनाडु गैस लीक हादसे में जान गंवाने वाले ओडिशावासी मजदूरों के परिवारों को दिए जाएंगे 4 लाख रुपए: मोहन चरण माझी


भुवनेश्वर, 22 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना पर शोक व्यक्त किया है। सरकार ने सीफूड एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग यूनिट में जान गंवाने वाले ओडिशावासी मजदूरों के आश्रितों को 4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक शोक संदेश जारी कर पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस बीच, ओडिशा सरकार तमिलनाडु प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। ओडिशा के मुख्य सचिव अनु गर्ग ने तमिलनाडु की मुख्य सचिव से बातचीत कर घायल मजदूरों के समुचित इलाज और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम तिरुवल्लुर पहुंच चुकी है। यह टीम स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घायलों के उपचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है।

रविवार को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में पेरियापलायम के पास एक सीफूड एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से कम से कम छह मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के समय असम, ओडिशा और झारखंड की महिलाओं समेत करीब 120 वर्कर फैक्ट्री परिसर में मौजूद थे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध अमोनिया लीक यूनिट के रेफ्रिजरेशन या प्रोसेसिंग सिस्टम से शुरू हुआ और तेजी से फैसिलिटी के कुछ हिस्सों में फैल गया। गैस के संपर्क में आने वाले वर्करों को सांस लेने में बहुत दिक्कत, चक्कर आना और जलन होने लगी।

सूचना पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, पुलिसकर्मी और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। प्रभावित वर्करों को शुरू में इमरजेंसी इलाज के लिए पास के प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।

–आईएएनएस

एसएके/वीसी


Related Articles

Latest News