नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में धीमी गति से ओवर डालने के कारण आईसीसी ने इंग्लैंड टीम पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही इंग्लिश टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के 12 प्वाइंट्स भी काटे गए हैं।
आईसीसी के अनुसार, तय समय के हिसाब से इंग्लैंड की टीम दूसरे टेस्ट में 12 ओवर पीछे रही और इसी वजह से मेजबान टीम पर जुर्माना लगाया गया है। इंग्लैंड टीम पर यह जुर्माना मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा लगाया गया है। टीम को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है।
डब्ल्यूटीसी की प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के अनुसार, तय समय के अंदर ओवर पूरे नहीं करने की स्थिति में हर ओवर कम फेंकने पर टीमों का एक प्वाइंट काट लिया जाता है। इस मुकाबले में इंग्लैंड टीम की कप्तानी करने वाले जो रूट ने गलती को मान लिया है और सजा को स्वीकार कर लिया है, जिसके कारण औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
आईसीसी द्वारा लगाए गए इस जुर्माने से इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में अब इंग्लैंड सातवें नंबर पर पहुंच गई है और टीम के कुल 38 प्वाइंट्स हैं। वहीं, इंग्लिश टीम का जीत प्रतिशत 26.39 है। यह दूसरा मौका है, जब इंग्लैंड के डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स काटे गए हैं। इससे पहले, पिछले साल भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच के बाद भी इंग्लैंड को 2 डब्ल्यूटीसी प्वाइंट गंवाने पड़े थे।
इंग्लैंड का प्रदर्शन दूसरे टेस्ट में काफी निराशाजनक रहा और टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 253 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी। न्यूजीलैंड से मिले 463 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथी पारी में इंग्लैंड की पूरी टीम सिर्फ 209 रन बनाकर ऑलआउट हुई। कप्तान जो रूट ने 77 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक ने 58 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इन दोनों को छोड़कर बाकी इंग्लिश बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। पहली पारी में न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए 391 रनों के जवाब में इंग्लैंड की टीम 291 रन ही बना सकी थी।
–आईएएनएस
एसएम/एएस
