नागपुर, 22 जून (आईएएनएस)। नागपुर स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधान परिषद उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है। इस चुनाव में भाजपा के डॉ. राजीव पोतदार और कांग्रेस के अतुल लोंढे के बीच सीधा मुकाबला है।
जानकारी के अनुसार मतगणना के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं। मतों की गिनती चार टेबलों पर की जा रही है, जिनमें एक टेबल विशेष रूप से टैब्यूलेशन के लिए निर्धारित की गई है। प्रशासन ने मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा है ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
हालांकि, मौजूदा संख्याबल को देखते हुए भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजीव पोतदार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि नागपुर स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान गुरुवार को संपन्न हुआ था, जिसमें 98.44 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। कुल 836 मतदाताओं में से 823 जनप्रतिनिधियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में आम जनता मतदान नहीं करती, बल्कि स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि वोट डालते हैं।
चुनाव परिणाम को लेकर सबसे अधिक चर्चा वोटों के गणित को लेकर है। कुल 836 मतदाताओं में कांग्रेस के पास 169 वोट थे। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि कांग्रेस के वोट कितनी मजबूती से उसके उम्मीदवार के साथ बने रहते हैं और कहीं क्रॉस वोटिंग तो नहीं होती।
बता दें कि इस उपचुनाव का आयोजन राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद विधान परिषद सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई सीट को भरने के लिए किया गया है। चुनाव प्रक्रिया के तहत 25 मई को अधिसूचना जारी हुई थी, जबकि मतदान के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।
वहीं, जिले भर में 14 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिसमें नरखेड़, काटोल, कळमेश्वर, सावनेर, पारशिवनी, कन्हान-पिंपरी, रामटेक, मौदा, कामठी, नागपुर शहर, वानाडोंगरी और बुटीबोरी सहित विभिन्न तहसील एवं नगर परिषद कार्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इन केंद्रों पर संबंधित नगर परिषदों, नगर पंचायतों, महानगरपालिका और कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्यों ने मतदान किया था।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
