अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: इजरायल समेत कई देशों ने भारत को दीं शुभकामनाएं


यरूशलम, 21 जून (आईएएनएस)। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत के विदेश मंत्री (ईएएम) एस. जयशंकर और भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग लोगों में मेल-जोल, अच्छी सेहत और मुश्किल हालातों से निपटने की ताकत बढ़ाता है।

सार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और भारत के लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत से शुरू हुआ योग आज पूरी दुनिया में अपनाया जा रहा है। योग शांति, स्वास्थ्य और मजबूती जैसे गुणों को बढ़ावा देता है, जो लोगों और देशों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। हमारे भारतीय दोस्तों को इस खास दिन की शुभकामनाएं।”

इस साल 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस बार इसकी थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। इसका उद्देश्य यह बताना है कि योग हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, बढ़ती उम्र में योग एक उपयोगी अभ्यास हो सकता है, क्योंकि यह लोगों को सक्रिय, आत्मनिर्भर और बेहतर जीवन जीने में मदद करता है। योग में हल्की एक्सरसाइज, स्ट्रेचिंग, सांस लेने की तकनीक और ध्यान शामिल होते हैं, जो शरीर का संतुलन, लचीलापन, ताकत और चलने-फिरने की क्षमता बेहतर करने के साथ-साथ तनाव कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।

इससे पहले दिन में, भारत में इजरायल दूतावास ने ‘एक्‍स’ पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें इजरायल के राजदूत रूवेन अजार और अन्य अधिकारी योग करते नजर आए।

वीडियो शेयर करते हुए इजरायल दूतावास ने लिखा, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं! कुछ लोग योग करने आए थे, कुछ लोग खाने के लिए आए थे, लेकिन आखिर में सभी को अपना संतुलन मिल गया।”

इसी मौके पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को नई दिल्ली में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया।

उन्होंने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “नई दिल्ली में राजनयिकों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसा कहा है, हमें कोशिश करनी चाहिए कि योग हमारी जिंदगी, हमारे परिवार और आने वाली पीढ़ियों का हिस्सा बने।”

कार्यक्रम में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, भारत में नॉर्वे की राजदूत एलिन-स्टेनर और कई अन्य लोगों ने भी योग किया।

माय एलिन-स्टेनर ने ‘एक्‍स’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने लिखा, “भारत को नॉर्वे की ओर से योग दिवस की शुभकामनाएं। यह दिन स्वास्थ्य, अच्छी जिंदगी और संतुलन का जश्न मनाने का दिन है। आपका पसंदीदा आसन कौन सा है?”

वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “नॉर्वे से भारत को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं! भारत के विदेश मंत्रालय और डॉ. एस जयशंकर का धन्यवाद, जिन्होंने भारत के इस खूबसूरत उपहार को दुनिया के साथ साझा किया।”

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News