12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा जनपद योगमय हो उठा। शहर से लेकर गांवों तक स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय, पार्क, न्यायालय, कारागार, थाना परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसके माध्यम से बढ़ती उम्र में स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य समारोह राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक शशिकांत अवस्थी के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है और वर्तमान समय में जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन की जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता है तथा इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन वर्मा, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, एडीएम निरंकार सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
