10 जुलाई से चौक स्टेडियम में महाकुंभ, फीफा के रंग में रंगेगा लखनऊ

राजधानी की प्रतिष्ठित लखनऊ फुटबॉल लीग का आगाज 10 जुलाई से चौक स्टेडियम में होगा। स्व. सतवंत सिंह और स्व. रवीन्द्र पाल सिंह (ओलंपियन एवं स्वर्ण पदक विजेता) की स्मृति में आयोजित होने वाली इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 40 वर्षों से आयोजित हो रही यह लीग लखनऊ की फुटबॉल संस्कृति और विरासत की पहचान बन चुकी है।

लखनऊ फुटबॉल संघ के सचिव कन्हैया लाल ने बताया कि स्व. हाबुल दादा, स्व. मिर्जा कासिम हुसैन, स्व. मोहम्मद उसमान और स्व. सईद अहमद जैसे दिग्गजों ने इस प्रतियोगिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पिछले 24 वर्षों से वह स्वयं इसके सफल आयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

पिछले दो वर्षों की चैंपियन टेक्ट्रो क्लब इस बार खिताबी हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस, फॉल्कन क्लब, स्पोर्ट्स कॉलेज और एक्स-स्टूडेंट्स जैसी टीमें भी ट्रॉफी के लिए जोर आजमाइश करेंगी। संतोष ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले दिव्यांशु वर्मा, अवीश इमरान और आदित्य सिंह भी लीग में आकर्षण का केंद्र होंगे। प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक टीमों के भाग लेने की संभावना है।

Related Articles

Latest News