'बरेली के बच्चन' में 'कृष्णा' के किरदार को लेकर बोले प्रविष्ट मिश्रा, 'अपनी ही मिट्टी की कहानी निभाना गर्व की बात'


मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। टीवी अभिनेता प्रविष्ट मिश्रा इन दिनों शो ‘बरेली के बच्चन’ में नजर आ रहे हैं। इस शो में उत्तर प्रदेश की रिश्तों, सपनों और रोजमर्रा की उलझनों से जुड़े एक परिवार की कहानी दिखाई जा रही है। इसे लेकर प्रविष्ट मिश्रा ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने अनुभव और तैयारी के बारे में विस्तार से बात की है।

आईएएनएस से बात करते हुए प्रविष्ट मिश्रा ने बताया, ”मेरे लिए यह शो अपनी जमीन से जुड़ी कहानी है। उत्तर प्रदेश की संस्कृति और पहचान को टीवी पर दिखाना मेरे लिए गर्व की बात है। जब कोई कलाकार अपने ही राज्य की कहानी को पर्दे पर उतारता है, तो वह उसे ज्यादा जिम्मेदारी के साथ निभाता है।”

उन्होंने कहा, ”मैं प्रयागराज से हूं, इसलिए मुझे उत्तर प्रदेश की भाषा और संस्कृति की अच्छी समझ है। लेकिन शो में दिखाए गए किरदार की भाषा और अंदाज मेरे अपने शहर से थोड़ा अलग है। बरेली में खड़ी बोली का एक खास रंग है, जिसमें कई शब्द और बोलने का तरीका अलग होता है। मुझे इस किरदार को सही तरीके से समझने और निभाने के लिए अलग से तैयारी करनी पड़ी।”

अभिनेता ने बताया, ”मैंने इस किरदार के लिए एक वर्कशॉप में हिस्सा लिया और बरेली की बोली, उच्चारण और स्थानीय बोलचाल के तरीके पर काम किया। इस दौरान उन शब्दों और भावों को समझने की भी कोशिश की। मेरा मानना है कि सिर्फ डायलॉग याद करना काफी नहीं होता, बल्कि उस भाषा की आत्मा को समझना जरूरी होता है, तभी किरदार असली लगता है।”

प्रविष्ट मिश्रा ने कहा, ”उत्तर प्रदेश में बड़े होने के कारण किरदार से जुड़ाव महसूस करना आसान रहा। मेरा किरदार ‘कृष्णा’ की सोच, उसका परिवार से जुड़ाव और उसकी भावनात्मक दुनिया मुझे काफी हद तक अपनी ही जिंदगी जैसी लगी। इस वजह से मैं अपने किरदार को स्वाभाविक तरीके से निभा पा रहा हूं।”

शो ‘बरेली के बच्चन’ की कहानी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ”यह एक ऐसे परिवार की कहानी है, जहां घर में केवल पुरुष रहते हैं और वे किसी महिला के बिना जीवन जीने की कोशिश करते हैं। यह परिवार अपने तरीके से, कई बार ‘जुगाड़’ के सहारे जिंदगी चलाता है। उनकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब ‘संगम’ नाम की एक लड़की उनके जीवन में आती है और सब कुछ नया मोड़ ले लेता है।”

इस शो में प्रविष्ट मिश्रा ‘कृष्णा’ के किरदार में हैं। वहीं अभिनेत्री रमणीक कटारिया ‘संगम’ के किरदार में नजर आ रही हैं। यह शो कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित हो रहा है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News