21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लखनऊ नगर निगम अपने पार्कों में योग का आयोजन करेगा। मुख्य कार्यक्रम नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित झंडी पार्क में होगा। जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों संग योग करेंगी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिल्ली में योग करेंगे। अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन ने बताया कि इस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखने के लिए पार्क में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के विभिन्न पार्कों में योग के आयोजन के लिए योग प्रशिक्षकों को तैनात किया है, जो स्थानीय लोगों को कार्यक्रम के दौरान योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन और अभ्यास कराएंगे।
अधिकारी सफाई व्यवस्था का करेंगे निरीक्षण
नगर निगम के सभी आठों जोन में स्थित विभिन्न पार्कों में योग कार्यक्रम के दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, एमएलसी और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गयी है। अधिकारी जोन के दो वार्डों में पार्कों और मार्गों की सफाई व्यवस्था का पर्यवेक्षण करेंगे। 19 और 20 जून को सुबह 6 बजे से अधिकारी फील्ड पर सफाई व्यवस्था देखने निकलेंगे। गंदगी और कमी पाये जाने पर तत्काल सुधार कराएंगे।
