17 जून को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले दूसरे वनडे मुकाबले से पहले क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। सोमवार को टीम इंडिया के लखनऊ पहुंचते ही एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कप्तान रोहित शर्मा की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की तस्वीरें और वीडियो कैद करने की होड़ लगी रही। एयरपोर्ट से टीम इंडिया सीधे गोमतीनगर स्थित होटल पहुंची, जहां खिलाड़ियों का पारंपरिक भारतीय अंदाज में स्वागत किया गया।
इकाना में अफगानिस्तान को होम एडवांटेज
शाम को अफगानिस्तान की टीम भी शहर पहुंच गई। कागजों पर भारतीय टीम इस मुकाबले में मजबूत दावेदार नजर आती है, लेकिन लखनऊ की परिस्थितियां अफगानिस्तान के पक्ष में अहम भूमिका निभा सकती हैं।ऐसे में पिच, आउटफील्ड और स्थानीय परिस्थितियों की बेहतर समझ अफगान खिलाड़ियों को अतिरिक्त बढ़त दे सकती है। दरअसल, वर्ष 2019 में सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आयोजन संभव नहीं था।
यूपीसीए के कार्यक्रम के अनुसार अफगानिस्तान की टीम मंगलवार को दोपहर एक बजे से अभ्यास करेगी, जबकि भारतीय टीम शाम चार बजे से सात बजे तक नेट्स पर पसीना बहाएगी। मुकाबले से एक दिन पहले दोनों टीमों की तैयारियों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
