UP: 1912 बिजली सेवा केंद्र पर कर्मचारियों का हंगामा, वेतन देरी और PF कटौती को लेकर प्रदर्शन

हुसैनगंज स्थित 1912 बिजली उपभोक्ता सेवा केंद्र में सोमवार रात कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित कर्मचारियों ने काम बंद करके प्रदर्शन शुरू कर दिया और ‘1912 हाय-हाय’ के नारे लगाए। वहीं हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कर्मचारियों को समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।

वेतन में देरी का आरोप

कर्मचारियों का कहना है कि 1912 सेवा केंद्र में कार्यरत स्टाफ की भर्ती और वेतन भुगतान का काम आउटसोर्सिंग कंपनी सीवाईफ्यूचर के माध्यम से किया जा रहा है। उनका आरोप है कि शासन के निर्देशों के अनुसार वेतन का भुगतान हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच होना चाहिए, लेकिन कंपनी 18 से 20 तारीख के बीच वेतन जारी करती है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पीएफ कटौती पर सवाल

वेतन भुगतान में देरी की शिकायत के अलावा प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पीएफ कटौती में भी अनियमितताएं की जा रही हैं। उनका कहना है कि कर्मचारी अंशदान के अलावा कंपनी के हिस्से का पीएफ भी उनके वेतन से काटा जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। कर्मचारियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सख्त नियमों से नाराजगी

कर्मचारियों का आरोप है कि उपस्थिति को लेकर अत्यधिक सख्ती बरती जा रही है। लॉग इन में कुछ सेकंड की देरी होने पर वेतन काट लिया जाता है। वहीं, 8 घंटे की ड्यूटी में एक सेकंड भी कम होने पर कर्मचारियों को हाफ डे चिह्नित कर दिया जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से उनका शोषण हो रहा है और कार्यस्थल पर असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

Related Articles

Latest News