मियामी, 16 जून (आईएएनएस)। मंगलवार को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप एच में उरुग्वे और सऊदी अरब के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के बेहतरीन प्रदर्शन करने की वजह से मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ।
सऊदी अरब के अब्दुलेलाह अल अमरी के पहले हाफ में किए गए गोल की बराबरी मैक्सी अराउजो ने देर से गोल करके की। उरुग्वे की ओर से मजबूत शुरुआत की गई। मुकाबले के दौरान मैक्सि अराउजो के एक बेहतरीन शॉट को सऊदी गोलकीपर मोहम्मद अल ओवैस ने शानदार ढंग से रोक लिया। इसके बाद फेडेरिको विनास के डाइविंग हेडर का भी बचाव कर उनके प्रयास को नाकाम कर दिया।
सऊदी अरब का पहला बड़ा खतरा एक कॉर्नर से आया। अल अमरी के अचानक लिए गए शॉट को फर्नांडो मुस्लेरा ने शानदार प्रतिक्रिया देते हुए रोक दिया।
एक और खतरनाक सेट-पीस ने बॉक्स में अफरा-तफरी मचा दी। उरुग्वे के गोलकीपर मुस्लेरा ने हसन अल तंबकती के हेडर को तो रोक लिया, लेकिन अल अमरी ने रिबाउंड पर किक मार दी, जिससे सऊदी अरब को बढ़त मिल गई।
दूसरे हाफ में उरुग्वे ने बराबरी का गोल करने के लिए जबरदस्त कोशिश की। मैनुअल उगार्टे ने एक जबरदस्त लॉन्ग-रेंज शॉट से सऊदी गोलकीपर को छका तो दिया, लेकिन गेंद क्रॉसबार से जा टकराई।
उरुग्वे ने सऊदी अरब पर उस वक्त और दबाव बनाया, जब सऊदी गोलकीपर विनास के तेज हेडर को पकड़ नहीं पाए। अराउजो को ढीली पड़ी गेंद पर गोल करने का मौका मिल गया। इसके बाद फेडेरिको वाल्वरडे ने फिर से गोलकीपर की परीक्षा ली।
हालाँकि, सऊदी अरब ने अपनी स्थिति बनाए रखी और एक अहम ड्रॉ हासिल किया। इस नतीजे के बाद ग्रुप एच की चारों टीमें बराबरी पर आ गई हैं; इससे पहले दिन में टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही केप वर्डे टीम ने स्पेन के साथ चौंकाने वाला 0-0 का ड्रॉ खेला था।
बता दें कि उरुग्वे का प्रतिनिधित्व करने वाले मुस्लेरा (39 साल और 364 दिन) वर्ल्ड कप में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए। उन्होंने डिएगो गोडिन के पिछले रिकॉर्ड को तीन साल से ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया।
–आईएएनएस
एसडी/एएस
