उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के बीच इन दोनों की पैठ इतनी कमजोर हो चुकी है कि अब न इनका कोई ठौर है, न ठिकाना। केशव मौर्य ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”कांग्रेस के नेता राहुल गांधी 2029 के लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जबकि देश 2047 के विकसित भारत के संकल्प के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने कहा, ”जनता परिवारवाद, तुष्टीकरण और खोखले वादों की राजनीति की असलियत पहचान चुकी है। देश ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत एवं निर्णायक नेतृत्व पर बार-बार अपना अटूट विश्वास जताया है।” उप मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा ”आज कांग्रेस अपनी खोई हुई ‘सियासी जमीन’ तलाश रही है और सपा उत्तर प्रदेश में अपना अस्तित्व बचाने के लिए ‘हांफ’ रही है।” केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया, ”जनता के बीच इन दोनों की पैठ इतनी कमज़ोर हो चुकी है कि अब न इनका कोई ठौर है, न ठिकाना।” उन्होंने कहा, ”ऐसे में इनके द्वारा सत्ता की बातें करना बिल्कुल वैसा है, जैसे कोई बिना पतवार की फूटी नाव पर बैठकर समंदर जीतने का मुगालता पाले।”
