शिल्पा शेट्टी की तारीफ करती नजर आईं निकिता रावल, बोलीं- वह बहुत डाउन-टू-अर्थ स्टार हैं


मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री निकिता रावल पहली बार अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ जी5 के शो ‘मां है ना’ में स्क्रीन स्पेस शेयर करती नजर आईं। निकिता ने बताया कि शिल्पा जमीन से जुड़ी हुई और साथ काम करने के लिए एक शानदार कलाकार हैं।

निकिता रावल ने बताया कि उनके लिए इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मां के प्यार और परिवार को जोड़कर रखने वाले रिश्तों का खूबसूरत जश्न मनाता है। उन्होंने कहा, “यह शो भावनाओं, खुशियों, अपनापन और दिल को छू लेने वाली कहानियों से भरपूर है, जिससे हर उम्र के दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं।”

निकिता ने शिल्पा के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, “शिल्पा शेट्टी के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा। वह बेहद सरल स्वभाव, मिलनसार और सहयोगी कलाकार हैं।”

निकिता के अनुसार, इंडस्ट्री में बड़ा नाम होने के बावजूद शिल्पा सेट पर हर व्यक्ति को सहज महसूस कराती हैं। उन्होंने कहा कि शिल्पा की सकारात्मक सोच और पेशेवर अंदाज से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला।

शिल्पा शेट्टी के कुकिंग रियलिटी शो ‘मां है ना’ 10 एपिसोड वाली नॉन-फिक्शन सीरीज है, जिसमें युवा सितारे अपनी मां के साथ नजर आए। शो में मां और बच्चे मिलकर कुकिंग चैलेंज पूरा करते नजर आए।

शो में कंटेंट क्रिएटर और रियलिटी टीवी स्टार कुशाल तंवर ‘गुल्लू’, तानिया मित्तल समेत कई लोकप्रिय चेहरे अपनी मां के साथ नजर आए। कंटेंट क्रिएटर मनीषा रानी अपने पिता के साथ दिखीं।

शो में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अपनी बेटी टीना के साथ, उर्वशी ढोलकिया अपने बेटे क्षितिज ढोलकिया के साथ और बिग बॉस फेम तानिया मित्तल अपनी मां के साथ शामिल होंगी।

इसके अलावा, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गुल्लू, शाहिदा अंसारी, और भाग्यश्री शर्मा भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ नजर आएंगी।

शिल्पा शेट्टी के शो में किचन के बहाने पीढ़ियों के बीच के अंतर, मीठी नोकझोंक और मां-बच्चे के अटूट प्यार की झलक देखने को मिली।

मां है ना का प्रीमियर 12 जून को जी5 पर किया गया है।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News