मानसून से पहले सेंट्रल रेलवे की बड़ी तैयारी, 117 जलभराव पॉइंट चिन्हित : सीपीआरओ स्वप्निल नीला


मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। सेंट्रल रेलवे ने मानसून से पहले मुंबई मंडल में तैयारी तेज कर दी है। सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने बताया कि 117 जलभराव पॉइंट चिन्हित किए गए हैं और 210 पंप लगाए गए हैं। घाट सेक्शनों और सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा बढ़ाई गई है ताकि ट्रेन संचालन सही रहे।

उन्होंने कहा कि सेंट्रल रेलवे, विशेषकर मुंबई मंडल में, मानसून के लिए दो स्तरों पर तैयारियां की जाती हैं। पहली तैयारी उन क्षेत्रों के लिए होती है जहां जलभराव की समस्या रहती है, जैसे मुलुंड, माटुंगा और सायन। दूसरी तैयारी घाट सेक्शनों, करजत से लोनावला तथा कसारा से इगतपुरी, के लिए की जाती है। इस वर्ष ऐसे 117 स्थानों की पहचान की गई है, जहां पिछले 10 वर्षों में कभी न कभी जलभराव की समस्या सामने आई थी। इन सभी स्थानों पर 210 पंप लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 18 ऐसे संवेदनशील स्थान भी चिन्हित किए गए हैं, जहां स्थायी या अस्थायी जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। कुछ स्थानों पर ट्रैक को ऊंचा किया गया है। पिछले वर्ष चूनाभट्टी क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आई थी। इसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष वहां ट्रैक को ऊंचा करने का कार्य किया गया है।

घाट सेक्शनों की तैयारी पर उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान बोल्डर गिरने, भूस्खलन, ट्रैक वॉशआउट और भूमि धंसने जैसी समस्याओं से निपटने के लिए कई आधुनिक उपाय किए गए हैं। पिछले दो वर्षों में इन उपायों के कारण घाट सेक्शनों में रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ और इस वर्ष भी ऐसी उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष रेलवे ने सभी पॉइंट मशीनों पर आईपी-67 मानक के अनुरूप सुरक्षा उपाय लागू किए थे। इसके तहत यदि ट्रैक पर आधा मीटर तक पानी भर जाए, तब भी सिग्नल और पॉइंट मशीनों का संचालन प्रभावित नहीं होगा। इस वर्ष सिग्नलों पर विशेष प्लास्टिक कोटिंग भी की गई है। शुक्रवार सुबह करीब 9:10 बजे पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस आने वाली हार्बर लाइन की एक लोकल ट्रेन के ट्रेन मैनेजर ने सूचना दी कि ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर किसी व्यक्ति ने एक तार फेंक दिया था। इससे पैंटोग्राफ और ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर के बीच उलझाव की आशंका पैदा हो गई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए रेल सेवाएं रोकी गईं। इसके बाद कुर्ला और चेंबूर के बीच ब्लॉक लेकर मरम्मत कार्य किया गया और सेवाएं बहाल कर दी गईं।

रेलवे ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे ऐसी हरकतों से बचें, क्योंकि इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम


Related Articles

Latest News