उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराये में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
अभ्यर्थी देंगे बिना टेंशन एग्जाम
मुख्यमंत्री के निर्देश पर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में यात्रा के दौरान 50 प्रतिशत रियायती किराये का लाभ दिया जाएगा। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रा करनी होगी, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवेश पत्र दिखाईये और छूट का लाभ पाइये
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार, अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत रियायती किराये का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
यूपी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा आज
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत 32,679 पदों के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी।
प्रत्येक पाली में लगभग 4,81,416 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक एस.बी. शिरडकर ने बताया कि अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रत्येक पाली में लगभग 4,81,416 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। शिरडकर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
