बीजिंग, 6 जून (आईएएनएस)। ‘चीन और अमेरिका में शहरों के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना’ विषय पर आधारित 8वां चीन-अमेरिका सिस्टर सिटी (भगिनी नगर) सम्मेलन 5 जून को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित किया गया।
चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक के बाद आयोजित यह सम्मेलन दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संवाद कार्यक्रम माना जा रहा है। इसे दोनों देशों की स्थानीय सरकारों और मैत्री संगठनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
सम्मेलन में चीन के 15 प्रांतों और 12 शहरों से आए 150 से अधिक प्रतिनिधियों तथा अमेरिका के 21 राज्यों और 36 शहरों से पहुंचे 160 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हरित विकास और शहरी प्रशासन, संस्कृति और पर्यटन, तथा शिक्षा और युवा जैसे तीन प्रमुख विषयों पर गहन चर्चा की और अनुभव साझा किए।
सम्मेलन के दौरान चीन और अमेरिका के संबंधित शहरों के बीच पांच सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही सिस्टर सिटी साझेदारी, सांस्कृतिक एवं पर्यटन आदान-प्रदान और युवा आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 31 सहयोग परियोजनाओं की उपलब्धियां भी प्रदर्शित की गईं।
प्रतिभागियों ने कहा कि सिस्टर सिटी संबंध, चीन और अमेरिका की जनता के बीच मित्रता को मजबूत करने और पारस्परिक लाभ तथा साझा विकास को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी सहमति को आगे बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करने और जन-जन संपर्क को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि सिस्टर सिटी संबंधों को एक सेतु के रूप में इस्तेमाल करते हुए चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर, स्वस्थ और सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
बताया गया है कि अब तक चीन और अमेरिका के बीच 50 सिस्टर प्रांत/राज्य और 238 सिस्टर सिटी संबंध स्थापित किए जा चुके हैं। वर्ष 2014 में चीनी जनता की विदेश मैत्री संघ द्वारा शुरू किया गया चीन-अमेरिका सिस्टर सिटी सम्मेलन, दोनों देशों के बीच स्थानीय आदान-प्रदान और सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
