50वां टेस्ट खेलना बड़ी उपलब्धि, आईपीएल उन्हें परिभाषित नहीं करता: ऋषभ पंत के कोच देवेंद्र शर्मा


नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के कारण आलोचनाओं से घिरे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अंतरराष्ट्रीय करियर में एक बड़ी उपलब्धि के करीब हैं। 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू हो रहे एकमात्र टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में अगर पंत जगह बनाने में कामयाब रहते हैं, तो यह उनके करियर का 50वां टेस्ट होगा। पंत के बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने 50 टेस्ट को उनके लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

गुरुवार को आईएएनएस से बात करते हुए देवेंद्र शर्मा ने कहा, “भारत के लिए एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर अपना 50वां टेस्ट मैच खेलने की कगार पर होना ऋषभ के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। हमें यह याद रखना चाहिए कि आईपीएल एक व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट है, जबकि टेस्ट क्रिकेट रेड-बॉल से खेला जाता है, जो दोनों फॉर्मेट को अलग बनाता है। पंत को बस एक अच्छी पारी की जरूरत है ताकि वे फिर से अपने रन बनाने के बेहतरीन फॉर्म में लौट सकें।”

उन्होंने कहा, “हम सभी जानते हैं कि ऋषभ रेड-बॉल क्रिकेट में एक चैंपियन खिलाड़ी हैं। भारत के पिछले विदेशी दौरे पर, जो इंग्लैंड में हुआ था, उन्होंने लीड्स में दो शतक बनाए थे और पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद, वह बल्लेबाजी करने आए और भारत के लिए अर्धशतक बनाया। ऋषभ रेड-बॉल क्रिकेट के बहुत सफल खिलाड़ी हैं और भारतीय टीम के लिए मैच विनर रहे हैं। मानसिक रूप से वह बहुत मजबूत हैं और एक कोच के तौर पर मुझे लगता है कि वह इस साल बाकी बचे सभी रेड-बॉल मैचों में बहुत अच्छा खेलेंगे और भारत को जीत दिलाएंगे, जिसकी शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से होगी।”

शर्मा ने आईपीएल में पंत के प्रदर्शन पर कहा, “आईपीएल में एक कप्तान के तौर पर उनकी सोच लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को ज्यादा से ज्यादा मैच जिताना थी। इस कोशिश में, उन्होंने अपने ऊपर बहुत सारी जिम्मेदारियां ले लीं। नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। शुरुआती कुछ मैचों में एलएसजी को जीत मिली, लेकिन बाद में जब टीम कई मैच हार गई, तो उन पर दबाव बढ़ गया। इसके अलावा, वह बहुत ज्यादा स्ट्रोक्स खेल रहे थे, और उनके ज्यादातर शॉट्स ऑफ-साइड की तरफ थे, जिसकी वजह से वह आउट हो रहे थे।”

उन्होंने कहा, “ऋषभ बेशक आईपीएल में उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना पाए, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि भारत के लिए टेस्ट मैचों में वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मैंने उन्हें ज्यादा वर्टिकल स्ट्रोक्स खेलने और हॉरिजॉन्टल शॉट्स कम खेलने की सलाह दी है। पंत ऑन साइड की जगह ऑफ साइड पर शॉट लगाएं तो ज्यादा सफल होंगे। अगर अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें अच्छी शुरुआत मिलती है, तो वे फिर से फॉर्म में आ सकते हैं।”

शर्मा ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में विदेशों में हाल के दिनों में पंत जैसा दबदबा किसी दूसरे बल्लेबाज का नहीं रहा है। पंत के 8 टेस्ट शतकों में से 6 शतक विदेशी जमीन पर बने हैं। पंत ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में खेली गई टेस्ट सीरीज में अपना दबदबा बनाया है। मुझे उम्मीद है कि वे लंबे फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए मैच-विनर बने रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि ऋषभ पंत तीनों फॉर्मेट में खेलने की काबिलियत रखते हैं। उन्हें मौका दिए जाने की जरूरत है। पंत मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं और किसी को भी निराश नहीं करेंगे।”

ऋषभ पंत 49 टेस्ट मैचों की 86 पारियों में 8 शतक और 18 अर्धशतक लगाते हुए 3,476 रन बना चुके हैं। पंत से पहले सैयद किरमानी और एमएस धोनी ही दो ऐसे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं, जो 50 से अधिक टेस्ट खेल चुके हैं।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News