नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से होनी है।
कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की इंजरी से जूझ रहे हैं और इसी कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कोहली को यह चोट कब और कहां लगी है। हालांकि, माना जा रहा है कि विराट रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच हुए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए हैं।
कोहली की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए दोहरा झटका मानी जा रही है। गौरतलब है कि रोहित शर्मा भी इंजरी से जूझ रहे हैं और उनके वनडे सीरीज में खेलने पर संशय बरकरार है। रोहित और हार्दिक पांड्या को वनडे टीम में जगह दी गई है लेकिन दोनों ही खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा।
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाना है। इसके बाद सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं, तीसरे और अंतिम मैच की मेजबानी चेन्नई का एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम करेगा, जो 20 जून को खेला जाना है।
आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन बल्ले से शानदार रहा। कोहली आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे नंबर पर रहे। उन्होंने 16 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 675 रन बनाए। कोहली ने टूर्नामेंट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए और टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में विराट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 42 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली और वह नाबाद रहे। कोहली ने खिताबी मुकाबले में अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी (25 गेंद) भी लगाई। इसके साथ ही उन्होंने छक्का लगाकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
