एक और बड़े हमले की आशंका के चलते जेलेंस्की ने यूरोप से मांगी मदद, सुरक्षा बढ़ाने की अपील


नई द‍िल्‍ली, 3 जून (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया क‍ि हमारे देश पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे गए। अभी भी अलग-अलग इलाकों में एयर-रेड अलर्ट भी एक्टिव हैं। खुफ‍िया जानकारी है क‍ि आज रात भी एक और बड़ा हमला हो सकता है। हम हवाई खतरों का सामना कर रहे हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर हमले की जानकारी साझा करते हुए कहा, ”आज का दिन यूक्रेन के लिए बहुत कठिन रहा है। रूस की तरफ से बड़े पैमाने पर हमला हुआ है। कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे गए। अभी भी देश के अलग-अलग हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बज रहे हैं। आसमान से फिर से खतरा बना हुआ है।”

जेलेंस्की ने बताया क‍ि रूस के हमलों में कीव और डनिप्रो शहर में 22 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि हम अपने लोगों, अपने शहरों और अपने समुदायों की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। जो लोग हमारी मदद कर रहे हैं, हम उनके आभारी हैं।

जेलेंस्की ने कहा क‍ि यूक्रेन, इटली का धन्यवाद करता है। हम दिल से आभारी हैं कि आप हमारी परवाह करते हैं, आप हमारे लिए शांति चाहते हैं, और आप मानते हैं कि कीव की स्वतंत्रता और आजादी की रक्षा आपका भी साझा मुद्दा है। हम मिलकर निश्चित रूप से इस लक्ष्य को हासिल करेंगे।

राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि दुर्भाग्य से हमारे एयर डिफेंस के पास अभी उतनी पर्याप्त आपूर्ति नहीं है कि वह मिसाइलों के एक बड़े हिस्से को रोक सके। पिछली रात हमले हुए थे। 130 लोग घायल हुए। दुख की बात है कि 22 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

राष्‍ट्रपत‍ि जेलेंस्की ने बताया क‍ि हमें अपनी खुफिया जानकारी से पता है कि आज रात भी एक और बड़ा हमला हो सकता है। हमारे सभी साझेदारों को मिलकर, और पूरे यूरोप को, एयर डिफेंस के लिए मिसाइलें, सिस्टम, जरूरी खुफिया जानकारी और बाकी जरूरी चीजें देने पर काम जारी रखना चाहिए, जो लोगों की जान बचाने में मदद करती हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि यह बिल्कुल साफ है कि यूरोप को अपनी खुद की एंटी-बैलिस्टिक प्रणाली की जरूरत है, जो इतनी मजबूत और पर्याप्त हो कि किसी भी खतरे से सुरक्षा दे सके।

–आईएएनएस

एवाई/एएस


Related Articles

Latest News