एमपीएल टी20 सिंधिया कप 2026: रीवा जगुआर्स की टीम घोषित, पृथ्वीराज तोमर संभालेंगे कमान


नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के लिए ‘रीवा जगुआर्स’ ने अपनी टीम घोषित कर दी है। इस खेमे में युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी शामिल हैं। पृथ्वीराज सिंह तोमर टीम की कमान संभालेंगे, जबकि सागर सोलंकी को उप-कप्तानी सौंपी गई है।

मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 की शुरुआत 3 जून से होगी। पुरुषों के टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में ग्वालियर चीताज का मुकाबला उज्जैन फाल्कंस से होगा। इस सीजन रीवा जगुआर्स अपना पहला मैच 6 जून को होल्कर स्टेडियम में बुंदेलखंड बुल्स के खिलाफ खेलेगी।

रीवा जगुआर्स की टीम: पृथ्वीराज सिंह तोमर (कप्तान), सागर सोलंकी (उप-कप्तान), अक्षत रघुवंशी, रामवीर सिंह गुर्जर, अथर्व महाजन, अश्विन दास, अनंत वर्मा, सागर प्रताप सिंह बघेल, रोहित राजावत, प्रभांशु शुक्ला, मोहम्मद अरहम अकील, अंकित सिंह कुशवाह, रीतेश शाक्य, नवीन सिंह चौहान, जयदेव सिंह, राधाकृष्ण द्विवेदी।

एमपीएल 2026 अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट होगा। इस नए सीजन पुरुषों की 10 टीमें और महिलाओं की 5 फ्रेंचाइजी शामिल होंगी। पुरुषों की प्रतियोगिता में 3 नई टीमें (मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कंस और रॉयल निमाड़ ईगल्स) शामिल हो रही हैं। इनके साथ ही मौजूदा चैंपियन भोपाल लेपर्ड्स और बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल्स, ग्वालियर चीताज, इंदौर पिंक पैंथर्स, जबलपुर रॉयल लायंस और रीवा जगुआर्स जैसी टीमें भी हिस्सा लेंगी।

महिलाओं की प्रतियोगिता में ग्वालियर शेरनीज और रॉयल निमाड़ ईगल्स को शामिल किया गया है। ये टीमें भोपाल वुल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और चंबल घड़ियाल्स के साथ मिलकर 5 टीमों के टूर्नामेंट में उतरेंगी।

रीवा जगुआर्स के मालिक आलोक बिड़ला ने कहा, “हम युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और टीम में मौजूद संतुलन से खुश हैं। इसमें अनुभवी खिलाड़ियों और जोश से भरे नए क्रिकेटर्स का अच्छा मेल है। खिलाड़ी प्रेरित हैं और इस सीजन में सकारात्मक, निडर और जोरदार क्रिकेट खेलने के लिए उत्सुक हैं। एमपीएल अब एक शानदार टूर्नामेंट बन गया है, जो खिलाड़ियों को अपने कौशल दिखाने, अच्छी प्रतिस्पर्धा से सीखने और अपने क्रिकेट करियर में महत्वपूर्ण कदम उठाने का मौका देता है। हम आगे आने वाली चुनौतियों को लेकर उत्साहित हैं और एक मजबूत प्रदर्शन करने की उम्मीद करते हैं।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News