रूस ने रातभर यूक्रेन में मचाई तबाही, कई शहरों में ड्रोन और म‍िसाइल से क‍िया हमला

[ad_1]

202606023811208

नई द‍िल्‍ली, 2 जून (आईएएनएस)। रूस ने एक बार भी यूक्रेन के कई शहरों को न‍िशाना बनाते हुए जबरदस्‍त तबाही मचाई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे एक बहुत बड़ा हमला बताया। उन्‍होंने रातभर चले बड़े हमलों के बाद देश में हुए भारी नुकसान और जारी राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि कई शहरों में नागरिक ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। हमले में चार लोगों की मौत हो गई। शहर डनिप्रो में भी एक बच्चे सहित नौ लोगों की जान चली गई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्ट पर हमले की जानकारी साझा करते हुए कहा, “रूस के रातभर चले हमले के बाद हालात संभालने के लिए राज्य आपातकालीन सेवा के 500 से ज्‍यादा कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। सबसे बड़ा हमला कीव पर हुआ, जहां फिर से दर्जनों रिहायशी इमारतों और अन्य पूरी तरह नागरिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। दुख की बात है कि अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

इस समय राजधानी में 38 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं और सभी को जरूरी इलाज दिया जा रहा है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पोस्‍ट में कहा, ”शहर डनिप्रो में एक चार मंजिला अपार्टमेंट इमारत के मलबे पर खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। इमारत का एक हिस्सा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया है। इस हमले में एक बच्चे सहित नौ लोगों की जान चली गई। शहर में 35 लोग घायल हुए हैं। वहीं, छह लोगों का अब भी कोई पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश जरूरत पड़ने तक जारी रहेगी।”

जेलेंस्की ने बताया क‍ि रूस ने खार्किव क्षेत्र में ऊर्जा सुविधाओं और खार्किव शहर की महत्वपूर्ण बुनियादी सेवाओं को भी निशाना बनाया। इसके अलावा कीव, मिकोलाइव, जापोरिजिया, पोल्टावा, सूमी, चेर्निहिव और खमेलनित्सकी क्षेत्रों पर भी हमले किए गए।

कुल मिलाकर, रातभर में रूस ने यूक्रेन के लोगों पर 656 अटैक ड्रोन और 73 अलग-अलग प्रकार की मिसाइलें दागीं। इनमें बैलिस्टिक, क्रूज और एंटी-शिप मिसाइलें शामिल थीं।

जेलेंस्की ने कहा क‍ि यह एक बहुत बड़ा हमला है और एक बिल्कुल साफ संदेश भी क‍ि अगर यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य मिसाइल हमलों से सुरक्षा नहीं म‍िली तो ऐसे हमले होते रहेंगे।

जेलेंस्की ने कहा क‍ि यूरोप को अपनी खुद की एंटी-बैलिस्टिक रक्षा व्यवस्था की जरूरत है, ताकि इस युद्ध को आखिरकार समाप्त किया जा सके। साथ ही, पैट्रियट रक्षा प्रणाली के लिए मिसाइलों की आपूर्ति में अमेरिका की मदद भी बेहद जरूरी है।

उन्‍होंने कहा क‍ि हम अपने साझेदार देशों के समर्थन और आज के हमले के प्रभावी जवाब की उम्मीद कर रहे हैं। और मैं सभी यूक्रेनी महिलाओं और पुरुषों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हवाई हमले की चेतावनियों को नजरअंदाज नहीं किया।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

[ad_2]

Related Articles

Latest News