आकिब नबी अफगानिस्तान के खिलाफ बतौर नेट बॉलर भारतीय टीम में शामिल

[ad_1]

202606023811283

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बतौर नेट बॉलर भारतीय टीम में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। यह मुकाबला 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

29 वर्षीय नबी रणजी ट्रॉफी सीजन के बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में से एक थे, जिसमें उन्होंने 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि नबी को अफगानिस्तान के विरुद्ध टेस्ट टीम में चुना जाएगा, लेकिन चयनकर्ताओं ने मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ बैक-अप तेज गेंदबाजी विकल्प के तौर पर पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को चुना।

आकिब नबी 41 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 18.37 की औसत के साथ 156 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि 36 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 56 विकेट निकाले हैं। 39 टी20 मैच में आकिब 43 विकेट प्राप्त किए हैं।

‘आईएएनएस’ को जानकारी मिली है कि इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को नेट बॉलर के तौर पर बुलाया गया है, ताकि वह न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच की तैयारी में भारत की मदद कर सकें।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की घोषणा के दौरान नबी को टीम में न चुने जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था, “घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन को लेकर हमेशा चर्चा होती है। जब आप भारत में टेस्ट टीम चुनते हैं, तो जरूरी नहीं कि बहुत ज्यादा तेज गेंदबाजों को ही चुनें। वह टीम में जगह बनाने के काफी करीब थे, लेकिन इस समय, हमने उन तीन गेंदबाजों को ही चुना है, जिन्हें पहले ही चुन लिया था।”

गुरनूर बरार के अलावा, बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी इस एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में पहली बार मौका मिला है।

शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि ऋषभ पंत की जगह केएल राहुल को उप-कप्तानी सौंपी गई है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद बरार, सुथार और दुबे भारत ‘ए’ टीम के नियमित सदस्य रहे हैं।

गिल, राहुल और पंत के अलावा, बल्लेबाजी ग्रुप में यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल शामिल हैं। इस एकमात्र टेस्ट के लिए रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला गया है। साल 2018 में खेले गए उस मैच में टीम इंडिया ने पारी और 262 रनों से जीत दर्ज की थी।

–आईएएनएस

आरएसजी

[ad_2]

Related Articles

Latest News