'कभी मत कहो कि हमारे पास कम है', अंकिता लोखंडे ने बताया नानी से मिला जिंदगी का सबसे बड़ा सबक


मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने मंगलवार को अपनी नानी के 84वें जन्मदिन समारोह की झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनकी नानी आंशिक पैरालिसिस (लकवा) से पीड़ित होने के बावजूद आज भी आत्मनिर्भर हैं और किसी पर निर्भर नहीं रहतीं।

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में अंकिता पीले रंग की साड़ी पहने अपनी नानी का हाथ थामकर उन्हें कार्यक्रम स्थल तक ले जाती नजर आ रही हैं। वीडियो के अन्य हिस्सों में परिवार के सदस्य भी उनकी नानी के आसपास दिखाई दे रहे हैं।

समारोह के दौरान अंकिता भावुक भी नजर आईं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “आज मेरी आजी (नानी मां) का 84वां जन्मदिन है। साथ ही उन्होंने अपने जीवन में 1000 पूर्ण चंद्रमा देखने का विशेष पड़ाव भी पूरा किया है।”

अभिनेत्री ने बताया कि वह अपनी नानी को मां के समान मानती हैं। उन्होंने लिखा, “जब मैं केवल छह महीने की थी, तभी से नानी ने मुझे अपनी गोद में पाल-पोसकर बड़ा किया। इसलिए वह मेरे लिए सिर्फ नानी नहीं, बल्कि मां जैसी हैं। जीवन की सबसे बड़ी सीख मैंने उन्हीं से सीखी है, भगवान पर विश्वास रखना, रिश्तों की कद्र करना, घर को प्यार से संभालना और पैसे की अहमियत समझना। उनकी एक बात मैं आज भी हमेशा याद रखती हूं, कभी यह मत कहो कि हमारे पास कम है, हमेशा कहो कि हमारे पास बहुत कुछ है।”

अंकिता ने लिखा, “एक छोटे से घर में चार बेटियों की परवरिश करते हुए मां आजी ने इतना प्यार और अपनापन दिया कि उनके घर से कोई भी कभी भूखा नहीं लौटा। आज भी उनका हौसला मुझे प्रेरित करता है। शरीर का एक हिस्सा प्रभावित होने के बाद भी वह पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन जी रही हैं। लोग अक्सर कहते हैं कि मैं मां आजी जैसी दिखती हूं और यह मेरे लिए सबसे खास तारीफ है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “मां आजी, मुझे इतना प्यार देने, हमेशा मुझ पर भरोसा करने और मुझे बेहतर इंसान बनाने के लिए आपका दिल से धन्यवाद। मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि आपको लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य और ढेर सारी खुशियां मिले। हैप्पी बर्थडे मां आजी। आपसे बहुत प्यार है।”

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News