फीफा वर्ल्ड कप 2030: बास्क क्षेत्र के दो शहरों ने पेश की संयुक्त बोली


मैड्रिड, 1 जून (आईएएनएस)। स्पेन के बास्क क्षेत्र के बिलबाओ और सैन सेबेस्टियन शहर ने फीफा वर्ल्ड कप 2030 के मुकाबलों की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से एकल बोली पेश करने का औपचारिक फैसला किया है। यह वर्ल्ड कप स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को में आयोजित किया जाएगा।

दोनों शहरों के अधिकारियों और बास्क क्षेत्रीय सरकार ने सोमवार को कहा कि दोनों मेजबान शहरों के संस्थान विश्व कप 2030 के मेजबान बनने के लिए पिछले चार वर्षों से लगन से काम कर रहे हैं। आगामी चरणों में भी इसी रास्ते पर चलते रहेंगे।

बास्क संस्थानों के अनुसार, यह तय किया गया कि शुरू में अलग-अलग दो बोलियां रखने के बजाय, दोनों स्थानों के बीच परामर्श की प्रक्रिया के तहत फीफा के सामने एक ही बजट पेश किया जाए, जिसमें उन पहलुओं का जिक्र हो जिन्हें वे पूरा करने को तैयार हैं। इसमें यह माना गया है कि दोनों स्थानों को मिलाकर एक ही मेजबान स्थान के तौर पर देखा जाएगा। प्रत्येक स्टेडियम में ग्रुप-चरण के दो मैच खेले जाएंगे।

इस कदम से बिलबाओ और सैन सेबेस्टियन द्वारा एथलेटिक बिलबाओ के सैन मैम्स स्टेडियम और रियल सोसाइडाड के अनोएटा स्टेडियम को वर्ल्ड कप के मेजबान स्थानों के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए अलग-अलग दी गई बोलियों का सिलसिला खत्म हो गया है। ये दोनों शहर और स्टेडियम, जो एक-दूसरे से सिर्फ 101 किलोमीटर की दूरी पर हैं, अब मिलकर एक ही बोली लगाएंगे।

फीफा विश्व कप 2030 कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बनेगा। ऐसा पहली बार होगा जब वर्ल्ड कप का आयोजन उत्तरी अफ्रीका में होगा और 2010 के बाद अफ्रीका में लौटेगा। साथ ही, साल 2014 के बाद साउथ अमेरिका और 2018 के बाद यूरोप में भी यह टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।

देशों के लिहाज से यह पहला विश्व कप होगा, जिसकी मेजबानी मोरक्को, पुर्तगाल और पराग्वे करेंगे। वहीं, उरुग्वे 1930 के उद्घाटन विश्व कप के बाद, अर्जेंटीना 1978 के बाद और स्पेन 1982 के बाद फिर से वर्ल्ड कप मुकाबलों की मेजबानी करेंगे। यह टूर्नामेंट तीन महाद्वीपों और छह देशों को जोड़ने वाला फुटबॉल इतिहास का सबसे अनूठा वर्ल्ड कप होगा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News