दक्षिण कोरिया के डेजॉन स्थित हानवा एयरोस्पेस फैक्ट्री में धमाका, चार की मौत और दो घायल


सोल, 1 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के मध्य शहर डेजॉन में स्थित डिफेंस कंपनी हनव्हा एयरोस्पेस की एक फैक्ट्री में सोमवार को हुए धमाके में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों को सुबह 10:59 बजे इस धमाके की सूचना मिली थी। वे अभी सही हताहतों की संख्या की पुष्टि करने में लगे हुए हैं।

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।

पुलिस और फायर अधिकारियों का मानना है कि धमाका फैक्ट्री की पहली मंजिल पर हुआ था। आग पूरी तरह बुझने के बाद वे घटना के सही कारण की जांच करेंगे।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने हनव्हा एयरोस्पेस के इस प्लांट में हुए हादसे में चार लोगों की मौत और दो लोग घायल होने की पुष्‍ट‍ि की है। यह कंपनी दक्षिण कोरिया की एक बड़ी एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी है।

फायर विभाग ने सुबह करीब 11:17 बजे लेवल-1 इमरजेंसी रिस्पॉन्स जारी किया और आग बुझाने का काम शुरू किया।

उधर, दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री किम मिन-सियोक ने इस धमाके के बाद बचाव कार्यों के लिए सभी जरूरी उपकरण और कर्मचारियों को पूरी तरह से लगाने का आदेश दिया है।

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने यह आदेश तब दिया जब यह चिंता जताई जा रही थी कि इस हादसे में और भी लोग प्रभावित हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय, फायर एजेंसी, पुलिस और डेजॉन सिटी सरकार को निर्देश दिया कि वे सभी उपलब्ध संसाधन लगाकर आग बुझाएं और लोगों को बचाएं, ताकि और किसी तरह की जान-माल की हानि न हो।

इसके अलावा, श्रम मंत्रालय, विज्ञान मंत्रालय, एयरोस्पेस एजेंसी और अन्य संबंधित विभागों को भी बचाव कार्यों में पूरा सहयोग देने को कहा गया है। फिलहाल बचाव और राहत कार्य जारी हैं।

–आईएएनएस

एवाई/एएस


Related Articles

Latest News