मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। सिनेमा की चमक-दमक के बीच ऐसे कई कलाकार भी हैं, जो सादगी भरा जीवन जीना पसंद करते हैं। इन्हीं में अभिनेता संजय मिश्रा का नाम शामिल हैं। अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए मशहूर अभिनेता संजय मिश्रा को बिल्कुल अलग अंदाज में देखा गया।
गुरुवार को अभिनेता संजय मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह किसी मंदिर में बेहद सादगी के साथ काम करते नजर आ रहे हैं। अभिनेता बिना झिझके छोटे से मंदिर की सफाई कर रहे हैं।
पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेता संजय मिश्रा बहुत ही साधारण कपड़ों में हैं और पूरी लगन से मंदिर की लोहे की रेलिंग को सैंडपेपर (रेगमाल) से घिसकर साफ करने में लगे हुए हैं। वे रेलिंग के जंग को हटा रहे हैं ताकि उस पर नया पेंट किया जा सके।
अभिनेता ने इसकी पीछे की वजह बताते हुए बताया कि वे मॉनसून आने की तैयारी में व्यस्त हैं। अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सारे काम एक तरफ…आने वाले मौसम की तैयारी एक तरफ…बारिश जल्दी आ जाओ जमीन को और कलेजे को ठंडक पहुंचे। बारिश आने के पहले कलर के काम में व्यस्त।”
संजय मिश्रा का यह जमीनी जुड़ा व्यवहार फैंस और मनोरंजन जगत के कई कलाकारों के दिल को छू गया। कई यूजर्स अभिनेता के पोस्ट को जमकर लाइक, कमेंट कर रहे हैं। अभिनेत्री कुब्रा सैत ने लिखा, “मुझे पता है कि आप यह नहीं देख रहे हैं, साहब। मैं आपको बहुत अच्छी तरह जानती हूं।”
बता दें कि बारिश से पहले लोहे की रेलिंग को घिसकर (सैंडपेपर से) साफ करना जरूरी इसलिए होता है ताकि पुरानी पेंट की पपड़ी और जंग हट जाए। ऐसा करने से नए पेंट की पकड़ मजबूत होती है, रेलिंग में नमी नहीं टिकती, और वह जंग लगने (ऑक्सीकरण) से बच जाती है।
अभिनेता हाल ही में क्राइम ड्रामा फिल्म ‘कर्तव्य’ नजर आए थे। इस फिल्म में सैफ अली खान मुख्य पुलिस अधिकारी (पवन मलिक) की भूमिका में हैं। यह फिल्म हरियाणा के एक काल्पनिक कस्बे पर आधारित है। संजय मिश्रा एक ऐसे मिस्टीरियस और अहम किरदार में हैं जो कहानी को गहराई और जटिलता देते हैं।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
