'कांतारा' मिमिक्री और 'डॉन 3' विवादों के बीच चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे रणवीर सिंह, श्रद्धाभाव से की पूजा


मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। एक तरफ वह फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से जुड़े मिमिक्री विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं, तो दूसरी तरफ फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने के कारण भी विवादों का सामना कर रहे हैं। इस बीच, कर्नाटक हाईकोर्ट से निर्देश के चलते उन्होंने चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

दरअसल, यह पूरा मामला पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था। गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान रणवीर सिंह ने फिल्म ‘कांतारा’ के एक चर्चित सीन की नकल की थी। उस सीन में अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी के किरदार पर ‘चामुंडी देवता’ का प्रभाव दिखाया गया था। यह सीन फिल्म का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा था। रणवीर द्वारा मंच पर इसकी नकल किए जाने के बाद कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर देखा और विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर रणवीर सिंह ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। वह सिर्फ ऋषभ शेट्टी के अभिनय की तारीफ करना चाहते थे। एक अभिनेता होने के नाते वह समझते हैं कि उस तरह का सीन निभाना कितना कठिन होता है और वह ऋषभ की मेहनत और प्रतिभा की दिल से सराहना करते हैं।

इसके बाद अप्रैल में रणवीर सिंह ने हाईकोर्ट में एक नया हलफनामा दाखिल किया। इस हलफनामे के साथ उन्होंने बिना किसी शर्त के माफी भी मांगी। मामले की सुनवाई के दौरान कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें निर्देश दिया कि वह चार हफ्तों के भीतर चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर प्रार्थना करें। कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए रणवीर सिंह मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की।

इसी बीच रणवीर सिंह एक और विवाद के कारण खबरों में आ गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने उनके खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी कर दिया। यह फैसला तब लिया गया, जब रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक दूरी बना ली। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Related Articles

Latest News