मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा इन दिनों अपनी आने वाली रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘सुंदर पूनम’ की शूटिंग में काफी बिजी हैं। अब उन्होंने फिल्म के जोधपुर शेड्यूल को पूरा कर लिया है और इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की है।
सान्या मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें पूरी टीम जोधपुर को अलविदा कहते हुए नजर आ रही थी। वीडियो में शूटिंग के दौरान के बीटीएस पल शामिल हैं। कहीं कलाकार और टीम के सदस्य हंसते-मुस्कुराते दिखाई दिए, तो कहीं शूटिंग के बीच मस्ती करते हुए नजर आए।
इस पोस्ट के जरिए सान्या ने यह दिखाने की कोशिश की कि फिल्म की टीम के लिए यह शेड्यूल कितना खास रहा। वीडियो में जोधपुर की खूबसूरत लोकेशन की झलक भी दिखाई दी, जिसने फैंस का ध्यान खींचा। शूटिंग खत्म होने के बाद टीम के सदस्यों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी।
इसके अलावा, सान्या ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक और छोटी वीडियो पोस्ट की। इस वीडियो में वह फ्लाइट में बैठी हुई नजर आ रही हैं और कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए देख रही हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने बताया कि अब टीम फिल्म के अगले शेड्यूल के लिए नई जगह रवाना हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि अगली शूटिंग किस शहर या जगह पर होने वाली है।
फिल्म ‘सुंदर पूनम’ का निर्देशन पुलकित कर रहे हैं। फिल्म में आदित्य रावल भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह कहानी 2025 में सामने आए चर्चित हनीमून मर्डर केस से प्रेरित बताई जा रही है। इस मामले में इंदौर के एक कारोबारी की मेघालय यात्रा के दौरान हत्या कर दी गई थी। हालांकि फिल्म की पूरी कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे एक रहस्यमय रोमांटिक थ्रिलर माना जा रहा है।
इसके अलावा, सान्या मल्होत्रा फिल्म ‘बंदर’ को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
