शहर में गर्मी का सितम कम नहीं हो रहा है। रविवार को सुबह से धूप तेज हो गई और दोपहर तक मानो आग बरसने लगी। तेज धूप और लू के कारण त्वचा झुलसने लगी। 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा ने राहगीरों को बेहाल कर दिया। लोग मुंह पर सिर और मुंह पर अंगौछा लपेटकर घरों से बाहर निकले।
रविवार काे अवकाश होने के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही। अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमानसामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार रात में तापमान और बढ़ेगा।
नौतपा आज से 2 जून तक
25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है। 2 जून तक गर्मी के साथ तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मान्यता है कि नौतपा के दिनों में सूर्य अपनी सबसे तीव्र ऊर्जा के साथ पृथ्वी पर प्रभाव डालता है, जिससे गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को तेज धूप और लू से बचने की सलाह दी है।
