पंजाब में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर तरुण चुघ ने साधा निशाना, बोले- स्थिति काफी दुर्भाग्यपूर्ण


अमृतसर, 24 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता तरुण चुघ ने पंजाब में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, पुलिस अधिकारी की हत्या और युवाओं में नशे की लत को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब नशे की लत में पूरी तरह से डूब गया है। पंजाब सरकार जनजागरण करने में पूरी तरह से असफल रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पूरे पंजाब से आह्वान किया गया है कि नशा छोड़ो, दूध, दही, लस्सी और घी खाओ। तरुण चुघ ने कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों को दूध, दही, मक्खन और घी खिलाया गया है।

उन्होंने कहा कि लोगों से आह्वान किया गया है कि घरों, परिवारों और मोहल्लों में जो बच्चे हैं, उनको बताइए कि वो नशीला पदार्थ आपकी जान के लिए खतरा है और दूध, दही और लस्सी आपको पहलवान बनाएगी। इसलिए हजारों लोगों के साथ मिलकर अमृतसर के प्रसिद्ध लस्सी की दुकान पर आकर लस्सी पीने के साथ ही लोगों को पिलाई भी है।

उन्होंने कहा कि नौजवानों को शक्ति बढ़ाने के लिए घी के पैकेट दिए गए हैं, जिससे कि वे अपनी शक्ति बढ़ाएं और पंजाब को नशे से मुक्ति की ओर ले जाएं।

कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। पंजाब के 22 पुलिस स्टेशनों पर बम धमाके हो चुके हैं। पुलिस हेडक्वार्टर पर मिसाइल से हमला किया जा रहा है और पंजाब पुलिस के जवानों को गोलियां मार दी जा रही हैं। हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। भाजपा कार्यालय में हैंडग्रेनेड फेंका जा रहा है। इन घटनाओं के लिए पंजाब सरकार जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोग सड़कों पर इसलिए उतरे हैं कि पंजाब का नौजवान अब नशे की गर्त, माफिया के हाथों और गैंगस्टर के साथ नहीं खड़ा होगा। पंजाब का नौजवान तरक्की के साथ खड़ा होगा।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News