सोशल मीडिया पर 'सीजेपी' का खुमार! अभिनेता व्रजेश हीरजी ने मजेदार कहानी सुनाकर दी प्रतिक्रिया


मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। इन दिनों सोशल मीडिया पर सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) का क्रेज युवाओं के बीच देखने को मिल रहा है। मीम्स से लेकर रील्स तक, हर जगह इस ट्रेंड की धूम है। इसे देखते हुए अभिनेता व्रजेश हीरजी ने इस पर चुटकी लेते हुए एक मजेदार वीडियो साझा किया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने एक बच्चे और उसके पिता की मजेदार कहानी सुनाकर इस पूरे ट्रेंड पर मज़ा लिया। वीडियो की शुरुआत में व्रजेश कहते हैं, “आजकल सोशल मीडिया पर कॉकरोच का ट्रेंड काफी चल रहा है। इसे देखकर मुझे एक बच्चे की पुरानी कहानी याद आ रही है।”

कहानी सुनाते हुए उन्होंने बताया, “एक बच्चा था, जिसने तीन-चार दिनों से कुछ नहीं खाया था। फिर उसके पिता ने उसे खाने की थाली दी, तो उसने साफ मना करते हुए कहा कि खाना नहीं, कॉकरोच खाना है। इसके बाद पिता ने उसे समझाया कि वे लोग शाकाहारी हैं और यह सब नहीं खाते, लेकिन बच्चा नहीं माना। आखिर में हार मानकर पिता ने कहीं से एक कॉकरोच पकड़ा और बच्चे को दे दिया। लेकिन बच्चे के नखरे और बढ़ गए और वह बोला, ‘मैं इसे ऐसे नहीं खाऊंगा, इसे अच्छी तरह प्लेट में सजाकर दो।'”

प्लेट में आने के बाद बच्चे ने कहा, “इसके ऊपर थोड़े फूल भी रखो।” पिता ने फूल रखकर इसे ‘फ्यूजन कॉकरोच मील’ बना दिया। फिर बच्चे ने मांग की, “इसमें थोड़ा मिर्च-मसाला डालो, तभी खाऊंगा।” पिता ने वह भी कर दिया।

जब मसालेदार कॉकरोच पूरी तरह तैयार हो गया, तो पिता ने कहा, “लो बेटा, अब खाओ।” यह देखकर बच्चा फूट-फूटकर रोने लगा और बोला, “अब यह मुझे बिल्कुल झूठ (दिखावा) जैसा लग रहा है, भला मैं कॉकरोच कैसे खा सकता हूं?”

बता दें कि इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक नई ऑनलाइन मूवमेंट और राजनीतिक व्यंग्य काफी चर्चा में है। यह मंच खुद को व्यवस्था से निराश और बेरोज़गार युवाओं की आवाज़ के रूप में पेश करता है।

यह पूरा विवाद भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी से शुरू हुआ। उन्होंने एक मामले की सुनवाई के दौरान कथित तौर पर फर्जी डिग्री रखने वालों और बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ (तिलचट्टे) और ‘पैरासाइट’ से की थी। हालांकि बाद में स्पष्टीकरण भी दिया गया, लेकिन सोशल मीडिया पर कई युवाओं ने इसे एक विद्रोह के रूप में अपना लिया और मज़ाकिया अंदाज में खुद को ‘कॉकरोच’ कहना शुरू कर दिया। 16 मई को शुरू हुए इस ऑनलाइन अभियान ने कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया। इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर बहुत ही कम समय में करोड़ों फॉलोअर्स जुड़ गए।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News