नोएडा में वाहन चोरी गैंग का खुलासा, 4 गिरफ्तार, 16 वाहन बरामद


नोएडा, 21 मई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-58 थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 15 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की। इसके साथ ही दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 20 मई को सेक्टर-58 थाने की पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से जानकारी मिली थी कि कुछ वाहन चोर सेक्टर-60 स्थित हनुमान मंदिर की तरफ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र पुत्र नन्दलाल निवासी सम्भल, राजू पुत्र राजिष्टर निवासी सम्भल, ब्रजेश पुत्र साधु निवासी सम्भल हाल निवासी गाजियाबाद तथा लोकेश पुत्र नत्थु निवासी सम्भल हाल निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा, दिल्ली एनसीआर और गाजियाबाद क्षेत्र में दिन और रात के समय मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था, जहां लोगों का आना-जाना कम होता था। इसके बाद गिरोह चोरी के वाहनों को कम कीमत पर ग्राहकों को बेच देता था।

पुलिस का कहना है कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से चोरी की गई 15 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो और जूपिटर स्कूटी सहित कई वाहन शामिल हैं।

कई वाहन दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। इनमें न्यू अशोक नगर, कौशांबी, सेक्टर-24, सेक्टर-39 और शाहदरा क्षेत्र में दर्ज मुकदमे भी शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। सेक्टर-58 थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News