एस्टन विला ने खत्म हुआ लंबा इंतजार, पहली बार जीता यूईएफए यूरोपा लीग का खिताब

[ad_1]

202605213795968

इस्तांबुल, 21 मई (आईएएनएस)। एस्टन विला फुटबॉल क्लब ने 44 साल में अपनी पहली यूरोपियन ट्रॉफी और पहला यूईएफए यूरोपा लीग खिताब जीता। यूरी टिलेमान्स, एमिलियानो बुएंडिया और मॉर्गन रोजर्स के गोल के दम पर एस्टन विला ने एससी फ्रीबर्ग को 3-0 से हराया।

एस्टन विला अब यूईएफए/यूरोपा लीग कप जीतने वाली 31वीं अलग टीम बन गई है। इसके साथ ही, एस्टन विला इस टूर्नामेंट को जीतने वाला इंग्लैंड का छठा क्लब भी बन गया है। वह पिछले छह सीजन में तीसरे नए विजेता हैं। उनाई एमरी तीन अलग-अलग टीमों के साथ यह टूर्नामेंट जीतने वाले पहले कोच बन गए हैं।

फ्रीबर्ग क्लब का इतिहास में पहला बड़ा खिताब जीतने का सपना साकार नहीं हो सका। मैच की शुरुआत में दोनों ही टीमें लय से भटकी हुई नजर आईं। दोनों टीमों के लिए कई आधे-अधूरे मौके आने और जाने के बाद, विला के मिडफील्ड मास्टर यूरी टिलेमान्स ने एक जादुई पल के साथ मैच में जान फूंकने का काम किया।

42 मिनट के बाद, बेल्जियम के खिलाड़ी ने शॉर्ट कॉर्नर से मॉर्गन रोजर्स के एक सटीक क्रॉस पर गोलकीपर नोआ अतुबोलू को छकाते हुए एक शानदार वॉली मारकर इंग्लिश टीम को बढ़त दिला दी। पहले गोल के बाद फ्रीबर्ग की टीम दबाव में दिखाई दी और हाफ टाइम से ठीक पहले टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं।

एमिलियानो बुएंडिया को बॉक्स के बाहर गेंद मिली तो शुरुआत में ज्यादा खतरा नहीं लगा, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने शानदार तरीके से गेंद को अपने बाएं पैर पर सेट किया और पहले हाफ की आखिरी किक पर जोरदार शॉट लगाकर गेंद को दूर वाले कोने में पहुंचा दिया। इस गोल से एस्टन विला की बढ़त 2-0 हो गई।

दूसरे हाफ में एस्टन विला की टीम बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ खेलती हुई नजर आई। एक घंटे का खेल पूरा होने से पहले बुएंडिया ने फिर कमाल दिखाया। उन्होंने लेफ्ट विंग से शानदार रन बनाते हुए गेंद को अंदर पास किया, जहां रोजर्स ने नजदीकी पोस्ट पर आसान फिनिश करके टीम की बढ़त को 3-0 कर डाला। फ्रीबर्ग ने गोल करने के प्रयास तो बहुत किए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम

[ad_2]

Related Articles

Latest News