यूपी: 7 जिलों में ‘सीवियर हीटवेव’, वार्म नाइट ने बढ़ाई टेंशन, जानें डॉक्टर्स की सलाह

उत्तर प्रदेश समेत समूचे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जारी पूर्वानुमान में अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जबकि रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है। 

मौसम के तल्ख तेवरों के बीच सरकारी और निजी अस्पतालों के बाहृय रोगी विभाग (ओपीडी) में भीड़ बढ़ गयी है। चिकित्सकों ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थो का सेवन करने और सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बाहर न निकलने की सलाह दी है। हृदय रोगियों से अपील की गयी है कि वे डाक्टरी परामर्श से ली गयी दवा के नियमित सेवन करें और अपरिहार्य स्थितियों में मेडिकल स्टोर का रुख न करके डाक्टर से सलाह लेकर दवाओं का सेवन करें। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 25 मई तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। 

इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 22 मई के बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तापमान में अधिक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भीषण लू से अति भीषण लू चलने की संभावना है। 

साथ ही कुछ स्थानों पर “वार्म नाइट” की स्थिति भी बनी रहेगी, जिससे रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा। वाराणसी सोमवार को प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों और घाटों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने प्रमुख चौराहों पर ग्रीन शेड, मिस्ट गन और 17 वाटर एटीएम की व्यवस्था की है, ताकि राहगीरों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। 

Related Articles

Latest News