मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी पहली बार ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। वह इस बार दर्शकों के लिए नया शो ‘प्रीतम और पेड्रो’ लेकर आ रहे हैं। इस शो को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी और अब आखिरकार इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है। यह शो 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगा।
राजकुमार हिरानी की फिल्मों में आम लोगों की जिंदगी दिखाई जाती है। हालांकि मेकर्स ने अभी शो की पूरी कहानी का खुलासा नहीं किया है, लेकिन दावा है कि यह शो दर्शकों को एक अलग अनुभव देगा, जिसमें हंसी, इमोशन्स और जिंदगी की अनिश्चितताओं का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।
अपने इस नए प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए राजकुमार हिरानी ने कहा, “मुझे हमेशा ऐसी कहानियां पसंद आती हैं, जहां अलग-अलग लोग साथ आकर जिंदगी को नए तरीके से समझते हैं। ‘प्रीतम और पेड्रो’ में भी ऐसा ही देखने को मिलेगा। इसमें बहुत सारा ह्यूमर और थोड़ा पागलपन है।”
राजकुमार हिरानी ने कहा, ”इस शो में मुझे किरदारों के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिला। फिल्मों में समय सीमित होता है, लेकिन इस तरह के शो में हर किरदार की जिंदगी, उसकी सोच और उसके सफर को गहराई से दिखाया जा सकता है। यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव है और मैंने इस प्रक्रिया को काफी एंजॉय किया।”
जियो हॉटस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियो) के हेड आलोक जैन ने भी शो को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा, ”जियो हॉटस्टार हमेशा ऐसी कहानियों को आगे बढ़ाने में विश्वास रखता है, जो जमीन से जुड़ी हों और हर तरह के दर्शकों को पसंद आएं। इंसानी रिश्तों, भावनाओं और हल्के ह्यूमर से भरी कहानियां हमेशा लोगों के दिल के करीब रहती हैं।”
आलोक जैन ने कहा, ”राजकुमार हिरानी उन चुनिंदा फिल्मकारों में से हैं, जिन्होंने लगातार ऐसी कहानियां दी हैं, जो दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक रहती हैं। हिरानी का ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आना बेहद खास है, क्योंकि अब दर्शकों को उनकी कहानी कहने की शैली लंबे फॉर्मेट में देखने का मौका मिलेगा। ‘प्रीतम और पेड्रो’ दर्शकों को एक नया और भावनात्मक अनुभव देने वाला है।”
मेकर्स का कहना है कि शो की दुनिया हल्की-फुल्की जरूर होगी, लेकिन इसके किरदार और उनकी भावनाएं दर्शकों से गहरा जुड़ाव करेंगी। यही वजह है कि शो को लेकर अभी से काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी
